Delimitation exercise discussion : INDIA गठबंधन के वरिष्ठ नेता, जिनमें राहुल गांधी और ममता बनर्जी शामिल हैं, परिसीमन के मुद्दे पर चर्चा के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ एमके स्टालिन और शरद पवार से मुलाकात करेंगे। यह बैठक संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले हो रही है।

नई दिल्ली. संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर देश की राजनीति तेज हो गई है। केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयकों पर चर्चा के लिए INDIA गठबंधन के बड़े नेता रविवार को चेन्नई में अहम बैठक करने जा रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, ममता बनर्जी और शरद पवार समेत कई विपक्षी नेताओं के इस बैठक में शामिल होने की संभावना है। माना जा रहा है कि संसद में सरकार के प्रस्तावों को लेकर विपक्ष अपनी रणनीति तैयार करेगा।

सूत्रों के मुताबिक, मल्लिकार्जुन खड़गे चेन्नई में DMK प्रमुख एमके स्टालिन और NCP (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात करेंगे। इस बैठक में राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, मीसा भारती और राजीव राय भी शामिल होंगे। सोनिया गांधी के भी बैठक में पहुंचने की संभावना है।

लोकसभा में 850 सीटें करने का प्रस्ताव

  • यह बैठक 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले हो रही है। इस सत्र में केंद्र सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण को लागू करने से जुड़े संशोधित विधायी प्रस्ताव पेश कर सकती है।
  • प्रस्तावित पैकेज में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026, परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 और केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़े कानूनों में संशोधन शामिल हैं। इन प्रस्तावों के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने की योजना है। इसमें राज्यों के 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के 35 सांसद शामिल होंगे।
  • प्रस्ताव में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रावधान है। राज्य विधानसभाओं की सदस्य संख्या भी बढ़ाई जा सकती है। इसका मकसद लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करना है।

परिसीमन पर समर्थन, लेकिन राज्यों की चिंता भी

  • DMK और NCP-SP ने संशोधित परिसीमन प्रस्तावों को समर्थन देने के संकेत दिए हैं। DMK के 22 सांसद हैं। पार्टी सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव के समर्थन में है, लेकिन उसका कहना है कि तमिलनाडु का मौजूदा 7.18 प्रतिशत प्रतिनिधित्व कम नहीं होना चाहिए।
  • NCP-SP के भी 8 सांसद हैं। पार्टी ने प्रस्तावों को समर्थन देने के संकेत दिए हैं, हालांकि शनिवार को INDIA गठबंधन की बैठक में वह शामिल नहीं हुई थी।

360 वोटों का गणित, सरकार के सामने चुनौती

  • संविधान संशोधन के लिए संसद में दो-तिहाई बहुमत जरूरी है। DMK, YSRCP और NCP-SP के समर्थन के संकेत से केंद्र को राहत मिल सकती है। अनुमान के मुताबिक, NDA का आंकड़ा करीब 354 सांसदों तक पहुंच सकता है। हालांकि, अगर सभी 540 मौजूदा सदस्य मतदान करते हैं, तो दो-तिहाई बहुमत के लिए 360 वोट चाहिए होंगे।
  • विपक्ष महिला आरक्षण का समर्थन कर रहा है, लेकिन इसे परिसीमन से जोड़ने पर सवाल उठा रहा है। विपक्ष की मांग है कि परिसीमन की प्रक्रिया नवीनतम जनगणना के आंकड़ों के आधार पर हो। ऐसे में संसद के विशेष सत्र से पहले चेन्नई की बैठक राजनीतिक लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है।