Jharkhand Road Accident : पत्नी की नौकरी लगने की खुशी में बिहार के नालंदा का एक पूरा परिवार रजरप्पा मंदिर में पूजा करने निकला था, लेकिन रास्ते में एक भीषण सड़क हादसे ने 13 लोगों की जिंदगी छीन ली। झारखंड के रामगढ़ में हुए इस हादसे में नालंदा के एक ही गांव के पांच पुरुष, चार महिलाएं और चार बच्चे काल के गाल में समा गए।
बिहार के नालंदा में एक परिवार के घर खुशियों का माहौल था। पत्नी की नौकरी लगी थी, परिवार इस खुशी को भगवान के दरबार में जाकर मनाना चाहता था। मन्नत पूरी होने पर सभी रजरप्पा मंदिर में पूजा करने निकले, लेकिन रास्ते में ऐसा हादसा हुआ कि परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। झारखंड के रामगढ़ में हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। हादसे ने कई परिवारों को ऐसा दर्द दिया, जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो सकेगी।
यह हादसा शनिवार देर रात करीब 2 बजे रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर रामगढ़ के पैंकी गांव के पास हुआ। स्कॉर्पियो में कुल 14 लोग सवार थे। सभी बिहार के नालंदा जिले के जंघारो गांव के रहने वाले थे और रजरप्पा मंदिर में पूजा करने जा रहे थे। हादसे में पांच पुरुष, चार महिलाएं और चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तेज टक्कर से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई स्कॉर्पियो
जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो आगे चल रही गाड़ी से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क किनारे जा खिसका। गाड़ी में सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
नौकरी की खुशी में निकले थे, पूरे परिवार पर टूटा दुख
- मृतकों में मां सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के डायरेक्टर विवेकानंद, उनकी पत्नी अमृता, मां और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। अमृता की टीचर के पद पर नौकरी लगी थी। इसी खुशी में परिवार पूजा करने जा रहा था। विवेकानंद के परिवार के अलावा उनके तीन मौसेरे भाई, मौसेरी बहन और बहन की फैमिली के सदस्य भी हादसे का शिकार हुए।
- गांव में हादसे की खबर पहुंचते ही मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। विवेकानंद की मामी फूला देवी ने बताया कि सभी पूजा करने गए थे, लेकिन पूरा परिवार खत्म हो गया।
- वहीं, मृतक राजू की मां ने बताया कि विवेकानंद के कहने पर उनका बेटा साथ गया था। उन्होंने उसे मना भी किया था, लेकिन वह नहीं माना। सुबह करीब 4 बजे हादसे की खबर मिली। जिस यात्रा को खुशी और आस्था से शुरू किया गया था, वह कई परिवारों के लिए जिंदगी का सबसे दर्दनाक दिन बन गई।












