
Gurugram PG Murder: साइबर सिटी गुड़गांव से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां पैसों के मामूली लेन-देन को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक पूर्व फौजी ने PG संचालक की माथे में गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के वक्त मृतक की पत्नी और उसके तीन मासूम बच्चे घर पर ही मौजूद थे। घटना के महज कुछ घंटों बाद ही पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने आरोपी पूर्व फौजी को दिल्ली से दबोच लिया।
यह दर्दनाक घटना गुड़गांव के आचार्य नगर इलाके की है। आचार्य पुरी (गंगा विहार) के रहने वाले 32 वर्षीय हेमंत कौशिक अपने परिवार—पत्नी और तीन बच्चों—के साथ पेइंग गेस्ट अकोमोडेशन के ग्राउंड फ्लोर पर रहते थे। 8 सितंबर की शाम करीब 6 बजे पैसों के हिसाब-किताब के सिलसिले में भिवानी के बामला गांव का रहने वाला 40 वर्षीय अमरजीत ग्रेवाल उर्फ 'अमरजीत फौजी' हेमंत से मिलने उसके PG पर आया था। हेमंत ने अपने एक दोस्त को भी पहले ही बता रखा था कि अमरजीत पैसे लेने आ रहा है और उसे भी अपने साथ रहने को कहा था।
PG के ग्राउंड फ्लोर पर दोनों के बीच पैसों को लेकर बात शुरू हुई, लेकिन देखते ही देखते बहस काफी उग्र हो गई। गुस्से में आकर अमरजीत फौजी ने अचानक अपनी पिस्तौल निकाली और बहुत करीब से हेमंत के माथे पर गोली दाग दी। गोली चलते ही हेमंत लहूलुहान होकर गिर पड़ा और आरोपी मौके से फरार हो गया। गोली की आवाज सुनते ही पत्नी चीखने-चिल्लाने लगी, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसी और PG में रहने वाले किराएदार तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए।
आनन-फानन में हेमंत को पहले सेक्टर 14 के कल्याणी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए फोर्टिस अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम हरकत में आई। एसीपी नवीन शर्मा ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सेक्टर 14 थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच मानेसर की टीमों को जांच में लगाया गया। जॉइंट ऑपरेशन चलाते हुए पुलिस ने आरोपी पूर्व फौजी अमरजीत ग्रेवाल को 4-5 घंटे के भीतर ही दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अमरजीत साल 2024 में ही भारतीय सेना से रिटायर हुआ था। हेमंत और अमरजीत की पहचान एक कॉमन दोस्त के जरिए हुई थी। जांच के मुताबिक, हेमंत ने साल 2021 में अमरजीत से करीब 6.5 लाख रुपये उधार लिए थे। इसी रकम की उगाही और लेन-देन को लेकर दोनों के बीच पिछले कुछ समय से अनबन चल रही थी। फिलहाल पुलिस आरोपी से वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद करने के लिए पूछताछ कर रही है, वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।