Ghaziabad Crime News: गाजियाबाद के विजयनगर में परचून की दुकान पर सामान खरीद रहे युवक के सिर पर रिश्तेदार ने हथौड़े से कई वार किए। वारदात CCTV में कैद हुई। जानिए विवाद की वजह और पुलिस की कार्रवाई।

गाजियाबाद: जिस शख्स के साथ कुछ देर पहले बैठकर शराब पी थी, उसी ने अचानक हथौड़ा उठाकर हमला कर दिया। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक 30 वर्षीय युवक पर परचून की दुकान के भीतर हुए हमले ने इलाके में सनसनी फैला दी। हमलावर ने युवक के सिर पर लगातार कई वार किए। पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

सामान खरीद रहा था युवक, अचानक हुआ हमला

घटना गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र की सेक्टर-9 चौकी के अंतर्गत हुई। निशांत उर्फ भूरा नाम का युवक परचून की दुकान से सामान खरीद रहा था। इसी दौरान रिक्की गौतम वहां पहुंचा और कथित तौर पर हथौड़े से उसके सिर पर हमला कर दिया।

यह भी पढ़ें: सैम पित्रोदा को 'Sam Bhai' कहा तो मिहिर ने भी ठोक दी फरमाइश, PM मोदी का जवाब वायरल!

सिर पर बरसाए हथौड़े, CCTV में कैद वारदात

हमला इतना अचानक था कि निशांत को संभलने का मौका नहीं मिला। लगातार वार होने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। आरोप है कि इसके बावजूद हमलावर वार करता रहा और फिर मौके से फरार हो गया। पुलिस दुकान के CCTV फुटेज की जांच कर रही है।

Scroll to load tweet…

शराब और पैसों का विवाद बना हमले की वजह?

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना से पहले निशांत और रिक्की ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों में कहासुनी हुई थी। आशंका है कि इसी विवाद के बाद हमला हुआ। हालांकि, पुलिस अभी वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

जिला अस्पताल से यशोदा अस्पताल रेफर

हमले में निशांत के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। उसे पहले जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने यशोदा अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल घायल युवक का इलाज जारी है।

हमलावर निकला रिश्तेदार, पुलिस हिरासत में आरोपी

एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय के मुताबिक, आरोपी रिक्की गौतम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। निशांत और रिक्की आपस में रिश्तेदार भी हैं। पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस CCTV समेत अन्य साक्ष्यों की जांच में जुटी है।

यह भी पढ़ें: UP BJP में ये कैसी उलझन? CM योगी को दिखे 1.27 करोड़ गायब वोटर, केशव बोले- सब यहीं हैं!