Hapur Viral Video: हापुड़ में मिलावटी मिठाई डस्टबिन में फेंकने का वीडियो वायरल। फूड विभाग की कार्रवाई पर उठे सवाल। लोगों ने कूड़ेदान से मिठाई निकालकर घर ले गए। छिजारसी टोल प्लाजा पर सात क्विंटल नकली पनीर भी पकड़ा गया। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
हापुड़ में मिलावटी मिठाई डस्टबिन में फेंकी, लोग घर ले गए
होली जैसे त्योहार आते ही बाजार में रौनक बढ़ जाती है। मिठाइयों की दुकानों पर भीड़ लगती है और लोग बिना ज्यादा सोचे-समझे खरीदारी कर लेते हैं। लेकिन उत्तर प्रदेश के हापुड़ से सामने आया एक वीडियो यह सोचने पर मजबूर कर रहा है कि मिलावट के खिलाफ कार्रवाई आखिर किस हद तक गंभीर है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में कुछ लोग सड़क किनारे रखे डस्टबिन से मिठाइयां निकालते दिख रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि लोग उन मिठाइयों को खुशी-खुशी अपने घर ले जाते नजर आ रहे हैं। जांच में सामने आया कि ये वही मिठाइयां थीं, जिन्हें खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी के दौरान मिलावटी बताकर जब्त किया था।
25
क्या है पूरा मामला?
मामला हापुड़ के मीनाक्षी रोड का बताया जा रहा है। यहां खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एक मिठाई की दुकान पर छापा मारा। जांच में कुछ मिठाइयों को मिलावटी पाया गया। नियम के अनुसार ऐसी सामग्री को सुरक्षित तरीके से नष्ट कराया जाता है, ताकि वह दोबारा बाजार या लोगों तक न पहुंचे। लेकिन आरोप है कि अधिकारियों ने जब्त की गई मिठाइयों को सड़क किनारे रखे कूड़ेदान में डलवा दिया। आसपास खड़े लोगों ने यह सब देखा। जैसे ही अधिकारी वहां से चले गए, लोगों ने डस्टबिन से मिठाइयां निकाल लीं और अपने-अपने घर ले गए। इसी दौरान किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
35
कार्रवाई या सिर्फ औपचारिकता? लोग पूछ रहे सवाल
इस वीडियो के सामने आने के बाद विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। आम तौर पर मिलावटी खाद्य सामग्री को गड्ढा खुदवाकर उसमें दबाया जाता है या पूरी तरह नष्ट किया जाता है, ताकि वह किसी भी हालत में उपयोग में न आ सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर मिठाइयों को खुले डस्टबिन में फेंका गया, तो यह लापरवाही है। क्योंकि मिलावटी, स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मिठाइयां फिर से लोगों के घर पहुंच गईं। सोशल मीडिया पर भी कई यूजर्स ने इसे “खानापूर्ति वाली कार्रवाई” बता रहे है।
छिजारसी टोल प्लाजा पर नकली पनीर की बड़ी खेप पकड़ी गई
इसी बीच खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने पिलखुवा स्थित छिजारसी टोल प्लाजा पर भी सघन अभियान चलाया। सहायक आयुक्त द्वितीय सुनील कुमार के नेतृत्व में टीम ने संभल से गाजियाबाद ले जाया जा रहा करीब सात क्विंटल मिलावटी पनीर पकड़ा। बताया जा रहा है कि जब्त पनीर की कीमत करीब 1 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई। मौके पर जांच के दौरान पनीर में गड़बड़ी पाई गई। इसके बाद टीम ने गड्ढा खुदवाकर उसी स्थान पर पनीर को नष्ट कराया। साथ ही हापुड़ में ‘गुरूदेव मावा भंडार’ से तीन सैंपल लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए हैं। होली को देखते हुए विभाग की ओर से लगातार अभियान चलाने की बात कही जा रही है।
55
यहां देखें डस्टबिन से मिठाई निकालने का वायरल वीडियो
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।