ईरान में 14 साल की लड़की की हत्या, मां बनने के कुछ दिन बाद पति ने ही ले ली जान

Published : Nov 28, 2026, 11:53 AM IST
sogand moshtareki iran honor killing

सार

ईरान में 14 साल की सोगंद मोश्तारेकी की पति ने हत्या कर दी। मां बनने के कुछ दिन बाद हुई इस घटना ने जबरन शादी और महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाए।

Iran Horror Killing: ईरान में जबरन शादी और महिलाओं के खिलाफ हिंसा का एक और खौफनाक मामला सामने आया है। यहां 14 साल की एक लड़की की उसके 20 साल के पति ने बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि लड़की की मौत मां बनने के कुछ ही दिनों बाद हुई। मृतका की पहचान सोगंद मोश्तारेकी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसने अपने पति से सिर्फ इतना पूछा था कि क्या वह अपने परिवार से मिलने जा सकती है। इसी बात पर पति ने उसके साथ मारपीट की, जिसमें उसकी जान चली गई।

'ईरान ह्यूमन राइट्स' (IHR) संगठन के मुताबिक, सोगंद के पति ने हत्या की बात कबूल कर ली है। उसने इसके पीछे 'पारिवारिक विवाद' को वजह बताया है। इस घटना ने एक बार फिर ईरान में कम उम्र में जबरन शादी और महिलाओं के साथ होने वाली घरेलू हिंसा के गंभीर मुद्दे को सामने ला दिया है।

कौन है सोगंद मोश्तारेकी?

  • सोगंद मोश्तारेकी ईरान के केर्मन प्रांत की रहने वाली थी। हाल ही में वह एक सड़क हादसे का शिकार हो गई थी। यह हादसा उस समय हुआ, जब उसे बच्चे को जन्म देने के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था।
  • हालांकि, इस दुर्घटना में उसकी जान बच गई और उसने सुरक्षित रूप से बच्चे को जन्म दिया। लेकिन बच्चे के जन्म के कुछ ही दिनों बाद उसके साथ ऐसी घटना हुई, जिसने उसकी जिंदगी खत्म कर दी।
  • रिपोर्ट के मुताबिक, उसके 20 साल के पति ने बेरहमी से उसकी पिटाई की, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। 'IHR' ने बताया कि सोगंद का पति उसे अपने परिवार के लोगों से मिलने की इजाजत नहीं देता था।
  • इतना ही नहीं, जब वह खुद घर से बाहर जाता था, तो सोगंद को घर के अंदर बंद करके जाता था। वह अपनी पत्नी को घर से बाहर निकलने और परिवार से मिलने तक की आजादी नहीं देता था।

परिवार से मिलने की इजाजत मांगने पर पति ने की हत्या

  • रिपोर्ट के मुताबिक, सोगंद ने अपने पति से सिर्फ अपने परिवार के लोगों से मिलने जाने की बात कही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद पति ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
  • ईरान ह्यूमन राइट्स संगठन ने इस मामले को जबरन शादी के गंभीर और जानलेवा परिणामों से जोड़कर देखा है। संगठन का कहना है कि ईरान में भेदभावपूर्ण कानून, पितृसत्तात्मक सामाजिक व्यवस्था और अपराधियों को मिलने वाली छूट के कारण महिलाओं के खिलाफ इस तरह की हिंसक घटनाएं सामने आ रही हैं।
  • संगठन के मुताबिक, महिलाओं को उनके बुनियादी अधिकारों से वंचित करना और जबरन शादी जैसी प्रथाएं उनके लिए जानलेवा साबित हो रही हैं। सोगंद का मामला भी इसी समस्या की एक गंभीर मिसाल है।

ईरान में गर्भवती महिला सेपिदेह रायसी की भी पति ने की हत्या

  • सोगंद मोश्तारेकी की हत्या के साथ ही ईरान में एक दूसरी महिला की हत्या का मामला भी सामने आया। जिस दिन सोगंद की मौत हुई, उसी दिन फार्स प्रांत में 21 साल की गर्भवती महिला सेपिदेह रायसी की भी हत्या कर दी गई।
  • बताया जा रहा है कि सेपिदेह की भी जबरन शादी कराई गई थी। उसकी हत्या भी उसके पति ने ही की। इन दोनों घटनाओं ने ईरान में महिलाओं के खिलाफ घरेलू हिंसा और जबरन शादी की समस्या को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ईरान में 19 साल की गर्भवती हेलिया फत्ताही की भी हुई थी हत्या

  • ईरान में महिलाओं की हत्या का यह कोई पहला मामला नहीं है। इसी महीने की शुरुआत में 19 साल की गर्भवती महिला हेलिया फत्ताही की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस मामले को सम्मान के नाम पर हत्या यानी 'ऑनर किलिंग' माना जा रहा है।
  • जानकारी के मुताबिक, हेलिया एक युवक के साथ रिश्ते में थी और दो महीने की गर्भवती थी। उसने अपने परिवार को इस रिश्ते और गर्भावस्था के बारे में बता दिया था। इसके बाद उसके माता-पिता कथित तौर पर नाराज हो गए।
  • आरोप है कि माता-पिता ने हेलिया को करीब 30 एंटीकॉन्वल्सेंट गोलियां खाने के लिए मजबूर किया। ये दवाएं आमतौर पर मिर्गी और दौरे रोकने के लिए इस्तेमाल की जाती हैं। इसके बाद उन्होंने उसके साथ बुरी तरह मारपीट की और फिर तकिए से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी।

माता-पिता ने कबूली हत्या, ईरान में ऑनर किलिंग का मामला

  • यह घटना पश्चिमी ईरान के सनंदाज शहर में हुई थी। मामले में पुलिस ने हेलिया के माता-पिता वोरिया फत्ताही और लैला वेइस को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया है कि दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली है।
  • 'हेंगा मानव अधिकार संगठन' और एक अन्य मानवाधिकार समूह 'हाना' ने इस घटना को ऑनर किलिंग करार दिया है।
  • लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने ईरान में महिलाओं और कम उम्र की लड़कियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
  • सोगंद, सेपिदेह और हेलिया की घटनाएं दिखाती हैं कि जबरन शादी, घरेलू हिंसा और सम्मान के नाम पर हत्या जैसी समस्याएं महिलाओं के जीवन के लिए कितना बड़ा खतरा बन रही हैं।

PREV

Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Israel Airstrike: हमास चीफ के आखिरी बेटे पर हमला, परिवार के कई लोग घायल!
Rohtak Firing Case: कौन है जाह्नवी? सनी की लोकेशन लीक करने का शक, क्या है बैंकॉक कनेक्शन?