
Middle East Conflict: होर्मुज़ जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) एक बार फिर वैश्विक महाशक्तियों के बीच टकराव का सबसे खतरनाक अखाड़ा बन चुका है। ईरान और अमेरिका के बीच जुबानी जंग अब एक ऐसे मुहाने पर पहुंच गई है, जहां से तीसरे विश्व युद्ध की आहट साफ महसूस की जा सकती है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने खाड़ी देशों सहित पूरी दुनिया के बाजारों में हड़कंप मचा दिया है, जिसके जवाब में ईरान ने भी कड़े और रहस्यमयी लहजे में अपनी प्रतिक्रिया दी है।
यह सारा विवाद तब शुरू हुआ जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक चौंकाने वाला एलान किया। ट्रम्प ने घोषणा की कि अब से संयुक्त राज्य अमेरिका खुद को "होर्मुज़ जलडमरूमध्य का असली संरक्षक" घोषित करता है। लेकिन बात सिर्फ रखवाली तक सीमित नहीं थी। ट्रम्प ने एक कदम आगे बढ़ते हुए कहा: "दुनिया के इस बेहद संवेदनशील हिस्से में सुरक्षा प्रदान करने के बदले, यहाँ से गुजरने वाले सभी कमर्शियल कार्गो पर 20 प्रतिशत का भारी शुल्क (टैक्स) लगाया जाएगा।" ट्रम्प का यह फैसला न केवल वैश्विक व्यापार नियमों के खिलाफ है, बल्कि यह सीधे तौर पर ईरान के प्रभुत्व को चुनौती देता है। अमेरिका के इस कदम ने वैश्विक तेल सप्लाई चेन और माल ढुलाई करने वाली कंपनियों की सांसें अटका दी हैं।
अमेरिका के इस अप्रत्याशित दावे पर ईरान ने बेहद आक्रामक और रणनीतिक प्रतिक्रिया दी है। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अरागची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ट्रम्प को आड़े हाथों लेते हुए लिखा कि ट्रम्प का यह मानना बिल्कुल सही है कि सुरक्षा देने वाले को इसका मुआवजा मिलना चाहिए। लेकिन, उन्होंने तुरंत पासा पलटते हुए याद दिलाया: "इस जलडमरूमध्य का असली संरक्षक हमेशा से ईरान रहा है और हमेशा रहेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने जो 20 प्रतिशत शुल्क प्रस्तावित किया है, वह बेहद ज्यादा है। इस पर हम ही सही और उचित फैसला करेंगे।" अरागची का यह बयान साफ इशारा करता है कि ईरान इस अहम समुद्री रास्ते पर अमेरिकी वर्चस्व को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा और जरूरत पड़ने पर वह खुद जहाजों से टोल वसूलने की कार्रवाई शुरू कर सकता है।
President Trump never said what the 20% is 20% of. Read as cargo value, the way the Associated Press read it, one tanker carrying 2 million barrels at $80 oil holds $160 million of crude. A single crossing of the Strait of Hormuz would cost $32 million.
Iran's foreign minister… pic.twitter.com/daPrlWTqwA— Shanaka Anslem Perera ⚡ (@shanaka86) July 14, 2026
बात सिर्फ बयानों तक सीमित नहीं है। जमीनी स्तर पर तनाव इस कदर बढ़ चुका है कि अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने आधिकारिक तौर पर घोषणा कर दी है कि 14 जुलाई को शाम 4 बजे ET से ईरानी बंदरगाहों की पूर्ण नौसैनिक नाकेबंदी फिर से शुरू कर दी जाएगी। अमेरिकी नौसेना ने क्षेत्र में सक्रिय सभी जहाजों को 'ब्रिज-टू-ब्रिज चैनल 16' पर संपर्क में रहने और अलर्ट रहने की चेतावनी दी है। यह नाकेबंदी इससे पहले अप्रैल से जून के बीच भी लागू थी, जिसे एक अंतरिम समझौते के बाद हटा लिया गया था। लेकिन अब ट्रम्प ने साफ कर दिया है कि वह अंतरिम समझौता पूरी तरह "खत्म" हो चुका है, जिसके बाद दोनों देशों की सेनाएं युद्ध के मुहाने पर खड़ी हैं।
होर्मुज़ जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापारिक मार्गों में शामिल है। वैश्विक स्तर पर निर्यात होने वाला लगभग 20 प्रतिशत कच्चा तेल और बड़ी मात्रा में LNG इसी रास्ते से गुजरती है। यही कारण है कि यहां किसी भी तरह का सैन्य तनाव या नाकेबंदी पूरी दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति, तेल कीमतों और वैश्विक अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अमेरिका और ईरान के बीच यह टकराव और गहराता है तो केवल पश्चिम एशिया ही नहीं, बल्कि एशिया, यूरोप और अमेरिका तक ऊर्जा बाजारों में बड़ा असर देखने को मिल सकता है।
होर्मुज़ जलडमरूमध्य का महत्व इस बात से समझा जा सकता है कि दुनिया के कुल तेल और लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) का लगभग पांचवां हिस्सा (20%) इसी संकरे रास्ते से होकर गुजरता है। यदि यहां युद्ध छिड़ता है या नाकेबंदी लंबी खींचती है, तो वैश्विक ईंधन की कीमतें आसमान छूने लगेंगी, जिससे पूरी दुनिया में भारी मंदी आ सकती है। यह ताजा तनाव उस व्यापक संघर्ष की अगली कड़ी है जो इस साल 28 फरवरी को ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत के बाद शुरू हुआ था। अब देखना यह है कि आज शाम 4 बजे की डेडलाइन के बाद जब अमेरिकी युद्धपोत नाकेबंदी शुरू करेंगे, तब ईरान का "उचित फैसला" क्या रूप अख्तियार करता है। क्या दुनिया एक और विनाशकारी युद्ध की गवाह बनने जा रही है? वैश्विक समुदाय की निगाहें इस वक्त इसी चोकपॉइंट पर टिकी हैं।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।