
जिस मोटर बोट को नर्मदा तट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निगरानी के लिए उतारा गया था, वही अचानक तेज बहाव में फंसकर डूब गई। जबलपुर के गौरीघाट पर हुए इस हादसे में करीब 15 लोगों की जान खतरे में पड़ गई, लेकिन लाइफ जैकेट और स्थानीय नाविकों की तत्परता ने एक बड़े हादसे को टाल दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सवाल सिर्फ बोट के इंजन पर नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, गौरीघाट पर होमगार्ड की मोटर बोट नर्मदा नदी में पेट्रोलिंग कर रही थी। उस समय बोट में होमगार्ड के प्रशिक्षु और आपदा प्रबंधन टीम के सदस्य समेत करीब 15 लोग सवार थे। बताया गया कि बरगी डैम के 13 गेट खुले होने के कारण नर्मदा का बहाव काफी तेज था। इसी दौरान मोटर बोट का इंजन अचानक बंद हो गया। इंजन बंद होते ही बोट तेज धार के साथ बहने लगी और स्थिति कुछ ही देर में बेहद खतरनाक हो गई।
जबलपुर में नर्मदा में बड़ा हादसा टला!
गौरीघाट के पास पेट्रोलिंग के दौरान होमगार्ड की मोटर बोट का इंजन बंद हुआ और तेज बहाव में बोट डूबने लगी। करीब 15 लोग सवार थे। मदद की पुकार पर स्थानीय नाविक पहुंचे और सभी को सुरक्षित बचा लिया। #JabalpurBreaking pic.twitter.com/U8D6TTwh9a— Jabalpur Breaking (@jbp_breaking) September 4, 2026
यह भी पढ़ें: बारिश ने बिगाड़ी दिल्ली एयरपोर्ट की सूरत, 7 तस्वीरों में देखें कैसे परेशान होते रहे पैसेंजर
बोट पर सवार लोगों ने खतरा बढ़ता देख मदद के लिए आवाज लगाई। उनकी पुकार सुनकर आसपास मौजूद 3 से 4 स्थानीय नाविक अपनी नाव लेकर तेज बहाव के बीच पहुंचे। नाविकों ने राहत और बचाव में मदद की और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान सभी सवारों का लाइफ जैकेट पहनना सबसे बड़ी राहत साबित हुआ। यही वजह रही कि बोट डूबने के बावजूद किसी बड़े जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।
हादसे के बाद मोटर बोट चालक को लेकर भी गंभीर सवाल उठे हैं। आरोप है कि घटना के समय चालक शराब के नशे में था। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की सच्चाई जानने के लिए चालक का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि हादसे के वक्त वह नशे की हालत में था या नहीं।
गौरीघाट जैसी संवेदनशील जगह पर सुरक्षा के लिए तैनात पेट्रोलिंग बोट का खुद तेज बहाव में फंसकर डूब जाना कई सवाल खड़े करता है। जांच में इंजन खराबी, बोट की तकनीकी स्थिति और चालक की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। इस घटना में सबसे बड़ी बात यह रही कि नर्मदा की तेज धार में फंसे करीब 15 लोगों को स्थानीय नाविकों ने समय रहते बचा लिया। अगर मदद कुछ मिनट देर से पहुंचती, तो यह हादसा कहीं ज्यादा गंभीर हो सकता था।
यह भी पढ़ें: स्वतंत्र भारद्वाज पुलिस हिरासत में, जंतर-मंतर मारपीट केस में बवाल के बाद पुलिस ने बुलंदशहर से दबोचा
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।