
रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग-संयुक्त स्नातक स्तर (JSSC-CGL) परीक्षा 2024 को लेकर एक बड़ा और सनसनीखेज़ खुलासा हुआ है। 21 और 22 सितंबर 2024 को आयोजित परीक्षा के दौरान राज्यभर में इंटरनेट सेवाएँ ठप रखी गई थीं, लेकिन लीक करने वाला गिरोह फिर भी बाज़ी मार गया। NDTV और CID रिपोर्ट के अनुसार, अभ्यर्थियों को WhatsApp, लैंडलाइन फ़ोन और बोलकर जवाब लिखवाए गए थे। जमशेदपुर के बिष्णुपुर से 22 सितंबर की सुबह 7:23 बजे का टाइमस्टैम्प लगी एक तस्वीर सामने आई, जिसने परीक्षा से ठीक पहले जवाब लीक होने की पुष्टि कर दी। यह सिंडिकेट हज़ारीबाग़, जमशेदपुर, पटना, पश्चिम बंगाल से लेकर नेपाल तक फैला हुआ था।
JSSC-CGL परीक्षा 21 और 22 सितंबर 2024 को आयोजित की गई थी। इससे पहले पेपर लीक के आरोपों के चलते परीक्षा रद्द की गई थी। दोबारा परीक्षा में नकल रोकने के लिए पूरे झारखंड में इंटरनेट सेवाएं बंद की गईं, लेकिन CID की रिपोर्ट के मुताबिक कथित लीक को इससे नहीं रोका जा सका। रिपोर्ट में कहा गया है कि पेपर के लिए पैसे देने वाले अभ्यर्थियों को हजारीबाग, जमशेदपुर, पटना, पश्चिम बंगाल और नेपाल तक जवाब उपलब्ध कराए गए। एक परीक्षार्थी के मुताबिक, जवाब लैंडलाइन फोन पर बताए गए और कुछ मामलों में बोलकर लिखवाए भी गए।
परीक्षार्थी जीत कुमार ने दावा किया कि उन्हें सवालों के बजाय सीधे जवाब मिले थे और परीक्षा के बाद कई जवाब सही पाए गए। उनके अनुसार, जवाबों की फोटोकॉपी भी अदालत में पेश की गई है। एक तस्वीर पर 22 सितंबर 2024 सुबह 7:23 बजे का टाइमस्टैम्प दर्ज था। तस्वीर की लोकेशन बिष्णुपुर, जमशेदपुर बताई गई। इससे यह सवाल उठा कि परीक्षा शुरू होने से पहले कथित तौर पर सवाल या जवाब कैसे उपलब्ध हुए।
राज्य CID ने मार्च 2025 में अपनी जाँच पूरी की थी। रिपोर्ट में साफ कहा गया था कि परीक्षा के 150 में से 120 सवाल लीक हुए थे। लेकिन सरकार ने इस विस्फोटक रिपोर्ट को ठंडे बस्ते में डाल दिया और एक दूसरी SIT का गठन कर दिया। इस दूसरी SIT ने पेपर लीक के तमाम दावों को खारिज करते हुए परीक्षा को क्लीन चिट दे दी, जिससे छात्र आक्रोशित हो उठे।
JSSC लीक के बाद JPSC परीक्षा में भी गड़बड़ी की खबरें आते ही छात्रों का गुस्सा भड़क उठा। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहा विरोध प्रदर्शन 16वें दिन में प्रवेश कर चुका है। याचिकाकर्ता जीत कुमार व अन्य अभ्यर्थियों ने मामले के पुख्ता सबूत अदालत में पेश किए हैं। हालांकि, प्रदर्शनकारियों से मुलाकात के बाद झारखंड की मंत्री दीपिका सिंह ने कहा है कि छात्रों की माँगें जायज़ हैं और सरकार जल्द ही इसका ठोस समाधान निकालेगी।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।