Who Is Dr Prerna Singh: गोपालगंज की SDM डॉ. प्रेरणा सिंह के ठिकानों पर SVU की छापेमारी हुई है। चार महीने पहले पद संभालने वाली अधिकारी और उनके इंजीनियर पति जांच के घेरे में हैं। जानें उनका करियर और आरोप।

जिस अधिकारी ने महज चार महीने पहले गोपालगंज में SDM की कुर्सी संभाली थी, अब उसी अधिकारी के घर और दफ्तर में विशेष निगरानी इकाई (SVU) की टीम दस्तावेज खंगाल रही है। बिहार प्रशासनिक सेवा की अधिकारी डॉ. प्रेरणा सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोपों को लेकर जांच चल रही है। इतना ही नहीं, उनके इंजीनियर पति रितेश कुमार के ठिकानों पर भी छापेमारी की खबर है। इस कार्रवाई ने जिले के प्रशासनिक महकमे में हलचल मचा दी है।

कौन हैं गोपालगंज की SDM डॉ. प्रेरणा सिंह?

डॉ. प्रेरणा सिंह बिहार प्रशासनिक सेवा की 56वीं–59वीं बैच की अधिकारी हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वह मूल रूप से रोहतास जिले के बिक्रमगंज की रहने वाली हैं। जुलाई 2026 में उन्होंने गोपालगंज सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) का कार्यभार संभाला था। तत्कालीन एसडीएम अनिल कुमार के तबादले के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। गोपालगंज जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उनका नाम सदर अनुमंडल पदाधिकारी के रूप में दर्ज है।

यह भी पढ़ें: 'हथकड़ी लगाकर ही आना होगा!' शेख हसीना की वापसी के ऐलान पर भड़का बांग्लादेश, 16 दिसंबर को क्या होगा?

मढ़ौरा से पटना और फिर गोपालगंज तक का सफर

गोपालगंज में एसडीएम के रूप में प्रेरणा सिंह की यह दूसरी पोस्टिंग बताई जा रही है। इससे पहले वह सारण जिले के मढ़ौरा में एसडीएम रह चुकी हैं। इसके बाद उनकी नियुक्ति पटना में उद्योग विभाग के डिप्टी सेक्रेटरी पद पर हुई थी। जुलाई 2026 में हुए प्रशासनिक फेरबदल के दौरान उन्हें गोपालगंज भेजा गया था।

इंजीनियर पति रितेश कुमार के ठिकानों पर भी रेड

डॉ. प्रेरणा सिंह के पति रितेश कुमार बिहार के पथ निर्माण विभाग में इंजीनियर हैं। मंगलवार को SVU की टीम ने गोपालगंज में प्रेरणा सिंह के सरकारी आवास और कार्यालय के अलावा पटना तथा रोहतास में उनके पति से जुड़े ठिकानों पर भी तलाशी शुरू की। रिपोर्ट के मुताबिक, अलग-अलग स्थानों पर संपत्ति और वित्तीय रिकॉर्ड से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

आखिर किन आरोपों को लेकर जांच कर रही SVU?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कार्रवाई के केंद्र में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप हैं। इसके अलावा जीविका दीदियों के भुगतान में कथित अनियमितताओं का मामला भी सामने आया है। हालांकि, इन आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच के बाद ही होगी। छापेमारी के दौरान बरामद संपत्ति और दस्तावेजों को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

एक महीने में दूसरी बड़ी कार्रवाई से हलचल

गोपालगंज में निगरानी एजेंसी की यह पहली बड़ी कार्रवाई नहीं है। इससे पहले जिले की एडीएम राजेश्वरी पांडेय से जुड़े ठिकानों पर भी छापेमारी हुई थी। अब SDM प्रेरणा सिंह के खिलाफ जांच ने प्रशासनिक जवाबदेही पर नए सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल छापेमारी और आरोपों को दोष सिद्ध होने के बराबर नहीं माना जा सकता। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि एजेंसी को क्या साक्ष्य मिले हैं और आगे क्या कानूनी कार्रवाई होगी।

यह भी पढ़ें: अब Kanpur में भी दिल्ली वाली Aero City! 1251 एकड़ जमीन पर KDA का मेगा प्लान