
Kanpur Delivery Boy Death: परिवार से दूर रहकर नौकरी करने आया 30 साल का युवक। हॉस्टल में अकेले रहता था और डिलीवरी बॉय का काम करता था। कई दिनों तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, लेकिन किसी को अनहोनी का अंदाजा नहीं हुआ। जब कमरे से दुर्गंध आने लगी तो पुलिस बुलाई गई। दरवाजा तोड़ने पर युवक का शव मिला। कमरे से बरामद एक डायरी में जीवन और मृत्यु को लेकर लिखी पंक्तियों ने इस मामले को और संवेदनशील बना दिया है। मृतक की पहचान बरेली निवासी केशव वर्मा के रूप में हुई है।
घटना कानपुर के कल्याणपुर कला स्थित एक बॉयज हॉस्टल की है। सोमवार, 23 नवंबर को दूसरी मंजिल के एक कमरे से दुर्गंध आने पर आसपास रहने वाले छात्रों ने पुलिस को सूचना दी। कल्याणपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो केशव का शव फंदे से लटका मिला। शव कई दिन पुराना होने की आशंका जताई गई है।
यह भी पढ़ें: अब Kanpur में भी दिल्ली वाली Aero City! 1251 एकड़ जमीन पर KDA का मेगा प्लान
केशव मूल रूप से बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र के नौगवां गांव का रहने वाला था। उसके पिता का नाम गोपाल वर्मा है। परिवार फिलहाल हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के पालमपुर में रहता है। रिपोर्ट के मुताबिक, केशव रोजगार की तलाश में कानपुर आया था और डिलीवरी का काम कर रहा था। वह 17 अक्टूबर से संबंधित हॉस्टल में रह रहा था। उसे आखिरी बार 19 नवंबर को कमरे में जाते देखा गया था।
कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को एक डायरी मिली, जिसमें कथित सुसाइड नोट दर्ज था। इसमें जीवन, मृत्यु और कर्म को लेकर बातें लिखी गई थीं। एक पंक्ति में लिखा था, 'एक दिन सबको मरना है।' हालांकि, केवल इस नोट के आधार पर केशव की मौत की वजह तय नहीं की जा सकती। पुलिस नोट की लिखावट का सत्यापन कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, केशव ने आईटीआई की पढ़ाई की थी। उसके पिता ने पुलिस को बताया कि बेटे ने परिवार को एक अच्छी कंपनी में नौकरी करने की जानकारी दी थी। परिजनों को उसके डिलीवरी बॉय के रूप में काम करने की बात पता नहीं थी। यह जानकारी सामने आने के बाद पुलिस केशव की नौकरी और निजी परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।
कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव तिवारी के मुताबिक, युवक के मोबाइल फोन और कॉल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या केशव किसी तनाव या अन्य परेशानी से गुजर रहा था। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल मौत के पीछे की सटीक वजह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
यह भी पढ़ें: Who Is Prerna Singh: 4 महीने की पोस्टिंग और SVU की रेड! गोपालगंज SDM प्रेरणा सिंह की पूरी कहानी
(डिस्क्लेमर: आत्महत्या के बारे में बात करना कुछ लोगों के लिए परेशान करने वाला हो सकता है। हालांकि, आत्महत्या को रोका जा सकता है। अगर आपको मदद की जरूरत है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे मदद की जरूरत है, तो कृपया अपने नजदीकी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)
हेल्पलाइन: आसरा: 022 2754 6669; स्नेहा इंडिया फाउंडेशन: +914424640050 और संजीवनी: 011-24311918, रोशनी फाउंडेशन (सिकंदराबाद) संपर्क नंबर: 040-66202001, 040-66202000; वन लाइफ: संपर्क नंबर: 78930 78930, सेवा: संपर्क नंबर: 0944177829
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।