Ketan Agrawal Murder Case: मंगेतर सिया ने 4 दिन पहले भी की थी केतन को मारने की कोशिश, क्या है सांप वाला मामला

Published : Jun 23, 2026, 07:17 PM IST
ketan agrawal murder

सार

लोहगढ़ किले से गिरकर हुई केतन अग्रवाल की मौत के मामले में नया खुलासा। पिता ने दावा किया कि मंगेतर सिया गोयल ने चार दिन पहले भी की हत्या की कोशिश।

Lohagad Fort Murder Case: पुणे के लोहगढ़ किले के पास खाई में गिरकर हुई 26 साल के केतन अग्रवाल की मौत के मामले में नया और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। केतन के पिता विशाल अग्रवाल का दावा है कि मंगेतर सिया गोयल ने कथित हत्या से 4 दिन पहले भी उसी स्थान पर उनकी जान लेने की कोशिश की थी। विशाल अग्रवाल के अनुसार, 14 जून को सिया गोयल ने लोहगढ़ किले पर केतन को धक्का दिया था, लेकिन वह एक झाड़ी पकड़कर बच गया था। इसके बाद सिया ने स्थिति को संभालने के लिए सांप का बहाना बनाया था।

केतन के पिता का दावा: पहले भी किया गया था जानलेवा प्रयास

केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने बताया कि 14 जून को सिया और केतन अकेले लोहगढ़ किले पर गए थे। उसी दौरान सिया ने कथित तौर पर केतन को किले से धक्का दे दिया। उनका कहना है कि धक्का लगने के बाद केतन नीचे की ओर फिसला, लेकिन उसने एक झाड़ी पकड़ ली और अपनी जान बचाने में सफल रहा। जब उसे एहसास होने लगा कि उसे धक्का दिया गया है, तब सिया ने कथित तौर पर जोर-जोर से "सांप, सांप" चिल्लाना शुरू कर दिया और बाद में उसे गले लगा लिया। विशाल अग्रवाल का आरोप है कि सिया ने ऐसा इसलिए किया ताकि उस पर किसी को शक न हो।

पासपोर्ट गायब होने की घटना पर भी उठाए सवाल

विशाल अग्रवाल ने एक और घटना का जिक्र करते हुए बताया कि एक यात्रा के दौरान एयरपोर्ट पहुंचने पर सभी के पास पासपोर्ट मौजूद थे, लेकिन केतन का पासपोर्ट गायब था। परिवार ने पासपोर्ट को काफी खोजा, लेकिन वह नहीं मिला। इसके कारण यात्रा रद्द करनी पड़ी और सभी को वापस लौटना पड़ा। विशाल अग्रवाल का कहना है कि इसके कुछ दिनों बाद सिया ने फिर केतन से विवाद किया और दोबारा लोहगढ़ किले जाने की बात कही।

18 जून को खाई में गिरने से हुई थी केतन की मौत

पुणे जिले के गहुंजे निवासी केतन अग्रवाल परिवार के रियल एस्टेट कारोबार में डायरेक्टर थे। 18 जून को लोहगढ़ किले के पास लगभग 400 फीट गहरी खाई में गिरने से उनकी मौत हो गई थी। लोहगढ़ किला महाराष्ट्र के ऐतिहासिक और प्रसिद्ध किलों में से एक है। यह मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के इतिहास से जुड़ा हुआ है और उन 12 किलों में शामिल है जिन्हें यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में जगह मिली है।

शुरुआत में हादसा माना गया था मामला

घटना के बाद शुरुआती जांच में इसे एक दुर्घटना माना गया था। सिया गोयल ने लोनावला ग्रामीण पुलिस को बताया था कि तेज हवाओं के दौरान किले पर घूमते समय केतन का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में गिर गया। पुलिस ने पहले आकस्मिक मौत की रिपोर्ट दर्ज की थी। हालांकि बाद में जांच के दौरान कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिन्होंने पुलिस का शक बढ़ा दिया।

हत्या और साजिश के आरोप में सिया गोयल और चेतन चौधरी गिरफ्तार

जांच के बाद पुलिस ने सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन बाबूलाल चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। चेतन चौधरी पुणे के कोंढवा इलाके का रहने वाला 22 वर्षीय युवक है। दोनों पर हत्या और आपराधिक साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल के अनुसार, जांच के दौरान आर्थिक विवाद, व्यक्तिगत संबंध और अन्य पहलुओं की गहराई से जांच की गई। पुलिस को पता चला कि सिया गोयल और चेतन चौधरी कथित तौर पर एक रिश्ते में थे। जांच एजेंसियों का मानना है कि सिया केतन को अपने रिश्ते के बीच एक बाधा के रूप में देखती थी।

पुलिस का दावा: घूमने के बहाने किले पर बुलाया गया

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर पहले से योजना बनाकर केतन की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि सिया गोयल ने केतन को घूमने के बहाने लोहगढ़ किले बुलाया। इसके बाद चेतन चौधरी को भी वहां पहुंचने के लिए कहा गया। पुलिस का दावा है कि दोनों ने मिलकर केतन को किले से नीचे धक्का दिया। स्थानीय अपराध शाखा ने पहले संदेह के आधार पर चेतन चौधरी को हिरासत में लिया था। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर पूरे मामले का खुलासा किया, जिसके बाद पुलिस ने सिया गोयल को भी गिरफ्तार कर लिया।

पिता की शिकायत पर दर्ज हुआ हत्या का मामला

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि केतन के पिता विशाल अग्रवाल की शिकायत के आधार पर लोनावला ग्रामीण पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

साल के अंत में होने वाली थी शादी

केतन अग्रवाल और सिया गोयल की शादी इसी साल के अंत में होने वाली थी। दोनों परिवारों ने विवाह की तैयारियां भी शुरू कर दी थीं। शादी समारोह के लिए राजस्थान के उदयपुर में एक महल तक बुक किया गया था। लेकिन शादी से पहले ही सामने आए इस मामले ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

नोट: मामले की जांच जारी है। आरोप पुलिस जांच और शिकायत के आधार पर सामने आए हैं। अंतिम निष्कर्ष अदालत और जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होंगे।

PREV

Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Padma Awards 2026 : 'घर से निकलने में डर लगता था', अब राष्ट्रपति भवन पहुंचीं..पढ़िए प्रेरक कहानी
CM विष्णु देव साय के राज्य में बड़ी खोज! जमीन के नीचे छिपे हैं करोड़ों के हीरे?