
Kisan Mahapanchayat Delhi: 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संसद मार्च के दौरान दिल्ली में हुई हिंसा के एक दिन बाद अब दिल्ली पुलिस के सामने एक और बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। मंगलवार 21 जुलाई को किसानों की बड़ी संख्या दिल्ली पहुंचने की तैयारी में है। राजधानी में प्रस्तावित किसान महापंचायत को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और कई जगहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
मंगलवार को दिल्ली के किसान घाट पर 'देश बचाओ मोर्चा' के बैनर तले किसान महापंचायत आयोजित की जा रही है। यह महापंचायत प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में बुलाई गई है। किसान नेताओं के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में किसान इस बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच रहे हैं।
समाचार एजेंसी ANI द्वारा शेयर की गई तस्वीरों में शंभू बॉर्डर पर बड़ी संख्या में किसान एकत्र दिखाई दिए। पंजाब और हरियाणा को जोड़ने वाले इस बॉर्डर पर 1,000 से अधिक किसान मौजूद थे। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, कई जगह बैरिकेड्स लगाए गए हैं और घग्गर नदी पर बने पुल पर सीमेंट के ब्लॉक रखकर आवाजाही पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
#WATCH | A large number of farmers reach Shambhu Border (Punjab-Haryana border) ahead of their scheduled march to Delhi today. Visuals from Patiala (Punjab) side. pic.twitter.com/dJtdEt0qti
— ANI (@ANI) July 21, 2026
पंजाब के किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने मंगलवार सुबह हरियाणा सरकार की कार्रवाई की आलोचना की। उनका आरोप है कि किसानों को शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली जाने से रोका जा रहा है। फतेहगढ़ साहिब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पंधेर ने कहा कि किसान केवल महापंचायत में भाग लेने के लिए दिल्ली जाना चाहते हैं, लेकिन हरियाणा सरकार ने शंभू बॉर्डर पर बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस कार्रवाई से हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का असली चेहरा सामने आ गया है। पंधेर ने कहा कि मुख्यमंत्री अक्सर पंजाब आकर लोगों से बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन किसानों को दिल्ली जाने की अनुमति नहीं दी जा रही।
इस बीच, भारतीय किसान यूनियन (चरूनी) के प्रमुख गुरनाम सिंह चरूनी को सोमवार को हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। संगठन के प्रवक्ता प्रिंस वराइच के अनुसार, चरूनी की गाड़ी को पेहोवा के पास नेशनल हाईवे-152D पर पुलिस ने रोका, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। बाद में पुलिस अधिकारी उन्हें अपने साथ ले गए।
चरूनी को हिरासत में लिए जाने की सूचना मिलते ही किसान थाना गांव के पास नेशनल हाइवे के हिसार-चंडीगढ़ मार्ग स्थित टोल प्लाजा पर एकत्र हो गए और धरना शुरू कर दिया। इस दौरान किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए और सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर हालात पर नजर रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
किसान महापंचायत को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 21 जुलाई के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे दिल्ली गेट, राजघाट क्रॉसिंग, गुरु नानक चौक, शांतिवन चौक, राजघाट DTC डिपो और IP फ्लाईओवर जैसे प्रमुख मार्गों से बचें, क्योंकि इन इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन और अस्थायी रोक लगाई जा सकती है। इसके अलावा वाहन चालकों से सत्याग्रह मार्ग, वेलोड्रोम रोड, राजघाट DTC डिपो रोड, राजघाट DTC बाईपास रोड और आसपास की सड़कों का उपयोग करने से भी बचने की अपील की गई है, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।