इंदौर में आयोजित मैराथन में सीएम डॉ. मोहन यादव वर्चुअली शामिल हुए। उन्होंने युवाओं को फिटनेस अपनाने, नशे से दूर रहने का संदेश दिया। साथ ही जल संरक्षण का संकल्प भी दिलाया।

भोपाल। इंदौर में रविवार को आयोजित 'वन इंदौर, रन इंदौर 2.0' मैराथन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली शामिल हुए। मुख्यमंत्री निवास से कार्यक्रम में जुड़े डॉ. यादव ने युवाओं और मैराथन प्रतिभागियों को फिटनेस, नशामुक्ति और जल संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने, नियमित व्यायाम करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। साथ ही पानी की एक-एक बूंद बचाने और पुराने जल स्रोतों को स्वच्छ रखने का संकल्प भी दिलाया।

नशे को ना, फिटनेस को हां

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज के समय में प्रत्येक नागरिक के लिए स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। फिट इंडिया और खेलो इंडिया जैसे अभियान फिटनेस को जन आंदोलन बनाने का काम कर रहे हैं। लोगों को अपनी आदतों और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाने चाहिए। उन्होंने युवाओं से कहा कि समाज में कई तरह के आकर्षण मौजूद हैं, लेकिन हमें अपने स्वास्थ्य और भविष्य को प्राथमिकता देनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने फिटनेस, नशामुक्ति और जल संरक्षण को एक साथ जोड़कर आयोजित मैराथन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल समाज में जागरूकता बढ़ाती हैं और लोगों को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करती हैं।

पानी बचाने और जल स्रोतों को स्वच्छ रखने की अपील

डॉ. यादव ने प्रतिभागियों को पानी की बर्बादी रोकने, हर बूंद का सदुपयोग करने और प्राचीन जल स्रोतों को संरक्षित रखने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि इंदौर में नर्मदा का जल यशवंत सागर तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। जल संकट की किसी भी स्थिति में सरकार जनता के साथ खड़ी रहेगी।

भारत ने हासिल किए कई बड़े लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश ने कई बड़े लक्ष्य हासिल किए हैं। उन्होंने नक्सलवाद और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई तथा देश की सुरक्षा के लिए सेना के प्रयासों का उल्लेख किया।

डॉ. यादव ने हाल ही में भारतीय बेटियों के शानदार खेल प्रदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेटियों की सफलता ने देश का गौरव बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने मैराथन प्रतिभागियों को स्वास्थ्य, ऊर्जा, स्वच्छता और जल संरक्षण के प्रति उनके संकल्प के लिए बधाई दी।