
कुरुक्षेत्र: धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के शांत समझे जाने वाले इलाके में गुरुवार की रात एक ऐसी सनसनीखेज वारदात हुई, जिसने शहरवासियों के साथ-साथ पुलिस महकमे को भी हिलाकर रख दिया। थानेसर सिटी इलाके में रहने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता बलवंत सिंह वालिया के घर में चार नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने तांडव मचाया। बुजुर्ग दंपति को बंदूक की नोक पर बंधक बनाकर पीटा गया और डिजिटल तिजोरियां खुलवाकर लगभग 3.15 करोड़ रुपये की संपत्ति लूट ली गई। वारदात के दौरान लुटेरों का जो खौफनाक बयान सामने आया, उसने इस घटना को और भी रहस्यमयी बना दिया है।
थानेसर सिटी पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के मुताबिक, घटना गुरुवार रात की है। सीनियर एडवोकेट बलवंत सिंह वालिया रात करीब 9:30 बजे अपने पालतू कुत्ते को टहलाने के लिए घर से बाहर निकले थे। रात करीब 10 बजे जब वह वापस लौटे, तो घर का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। पूरा सामान बिखरा पड़ा था और उनकी पत्नी बिस्तर पर औंधे मुंह पड़ी थीं—उनके हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे और मुंह पर टेप चिपकी हुई थी। इससे पहले कि एडवोकेट वालिया कुछ समझ पाते, घर में पहले से छिपे चार नकाबपोश हमलावरों ने उन्हें दबोच लिया। बदमाशों ने उन्हें काबू कर रस्सियों से जकड़ दिया और दंपति को गनपॉइंट पर लेकर मारपीट शुरू कर दी।
बंधक बनाने के बाद लुटेरों ने जो कहा, उसने बुजुर्ग दंपति के रोंगटे खड़े कर दिए। हमलावरों ने ठंडे दिमाग से कहा कि इस साल 20 मार्च को उनके घर में हुई 50 लाख रुपये की चोरी में भी वही शामिल थे। उन्होंने कहा कि उस वक्त वे डिजिटल तिजोरियां नहीं खोल पाए थे, इसलिए आज अपना अधूरा काम पूरा करने आए हैं। बंदूक की नोक पर लॉकर खोलने की धमकी देते हुए बदमाशों ने साफ कहा कि अगर चाबियां नहीं दीं, तो दोनों को मौके पर ही गोली मार दी जाएगी। अपनी जान बचाने के लिए एडवोकेट वालिया ने चाबियां सौंप दीं और दो डिजिटल लॉकर खोल दिए।
तिजोरियां खुलते ही लुटेरों ने जमकर लूटपाट की। आरोपी घर से 17 से 20 लाख रुपये नकद, 1.5 से 2 किलो सोने के आभूषण, लगभग 4 किलो चांदी के बर्तन व मूर्तियां, वकील की लाइसेंसी रिवॉल्वर, जिंदा कारतूस और अन्य कीमती सामान बटोर ले गए। कुल लूटी गई संपत्ति का आकलन करीब 3.15 करोड़ रुपये लगाया गया है। सबूत मिटाने की नीयत से शातिर अपराधियों ने घर में लगे चार सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया और रिकॉर्डिंग वाला डीवीआर (DVR) भी उखाड़कर साथ ले गए। जाते-जाते वे बाहर से दरवाजा बंद कर गए और धमकी दी कि 80 लाख रुपये और चाहिए-अगर पुलिस को खबर दी तो वापस आकर जान से मार देंगे।
बदमाशों के भागने के बाद पीड़ित दंपति ने किसी तरह शोर मचाया, जिसके बाद पड़ोसियों ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खोला और उन्हें आजाद कराया। सूचना मिलते ही थानेसर सिटी पुलिस, फॉरेंसिक टीमें और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मुख्य दरवाजा बाहर से बंद कर आरोपी फरार हो गए। शोर सुनकर पड़ोसी पहुंचे और दंपत्ति को मुक्त कराया। इसके बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। थानेसर सिटी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। एसएचओ देवेंद्र सिंह के मुताबिक, सीआईए (CIA) और स्थानीय पुलिस की टीमें शहरभर के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। वहीं, इस दुस्साहसिक वारदात के बाद इलाके की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने कुरुक्षेत्र में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति पर चिंता जताते हुए सरकार से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल, पीड़ित वकील के घर पर सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।