National Youth Day 2026: स्वामी विवेकानंद जयंती पर CM योगी का संदेश- 'युवा शक्ति से बनेगा विकसित भारत 2047'

Published : Jan 12, 2026, 07:22 PM IST
National Youth Day 2026 Vivekananda Jayanti CM Yogi Adityanath yuva shakti

सार

राष्ट्रीय युवा दिवस पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की प्रेरणा आज भी युवाओं का मार्गदर्शन करती है। युवा शक्ति, तकनीक, खेल, रोजगार और नैतिकता के बल पर भारत विश्व गुरु बनेगा।

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारत की सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना को पूरी दुनिया तक पहुंचाया। उन्होंने भारत और भारतीयता को वैश्विक पहचान दिलाई। सीएम ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की प्रेरणा हर परिस्थिति में हमें आगे बढ़ने का मार्ग दिखाती है। उन्होंने नरेंद्र से स्वामी विवेकानंद बनने की यात्रा को साधक से युग प्रवर्तक बनने की यात्रा बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “उठो, जागो और लक्ष्य की प्राप्ति तक मत रुको” स्वामी विवेकानंद का जीवन मंत्र था। उनका स्पष्ट संदेश था कि लक्ष्य पर एकाग्रता, संकल्प की दृढ़ता और कर्म में निरंतरता के बिना सफलता संभव नहीं है। इस भाव को आत्मसात करने वाला व्यक्ति कभी असफल नहीं हो सकता। सीएम ने युवाओं से कहा कि इच्छाशक्ति और संकल्प के साथ वे बदलाव के वाहक बन सकते हैं।

राष्ट्रीय युवा दिवस पर ‘युवा शक्ति-राष्ट्र शक्ति’ का संदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ‘युवा शक्ति-राष्ट्र शक्ति’ के संकल्प के साथ अपने विचार रखे। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी और लघु फिल्म का अवलोकन किया तथा 10 युवाओं, तीन युवक मंगल दल और तीन महिला मंगल दल को स्वामी विवेकानंद यूथ अवार्ड प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रनायक छत्रपति शिवाजी महाराज की माता जीजाबाई मां साहिब की जयंती पर उन्हें नमन किया।

भारत की सुप्त चेतना को जगाने वाले युवा संन्यासी

सीएम योगी ने कहा कि एक समय भारत अपनी आत्मिक चेतना लगभग खो चुका था। विदेशी आक्रांताओं द्वारा सभ्यता, संस्कृति और परंपराओं का अपमान किया जा रहा था। ऐसे समय में युवा संन्यासी स्वामी विवेकानंद ने भारत की सुप्त चेतना को जगाया और देश को भारतीयता के आत्मबोध से फिर जोड़ने का कार्य किया।

शिकागो धर्मसभा से दुनिया को भारत का संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकागो की धर्मसभा में स्वामी विवेकानंद ने गर्व के साथ कहा था कि वह उस भारत की परंपरा से आते हैं, जिसने सदैव मानव कल्याण का मार्ग दिखाया है। भारत ने कभी अपनी बात बलपूर्वक नहीं थोपी, बल्कि पीड़ित मानवता को शरण और संरक्षण दिया। “मुझे गर्व है कि मैं हिंदू हूं” — यह उद्घोष पूरे राष्ट्र को ऊर्जा से भर देने वाला था।

स्वामी विवेकानंद के विश्वास को साकार होते देख रहा है भारत

सीएम योगी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का विश्वास था कि भारत युवा शक्ति और आध्यात्मिक चेतना के बल पर विश्व गुरु बनेगा। आज यह विश्वास साकार होता दिख रहा है। 75वें अमृत महोत्सव में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से हर नागरिक जुड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 के लिए विकसित भारत का स्पष्ट विजन दिया है।

आज दुनिया भारत की ओर देख रही है : सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दुनिया में जब उथल-पुथल मची है, तब हर देश से आवाज आती है कि मोदी जी कुछ कीजिए। यह भारत की ताकत है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर दुनिया भरोसा कर रही है। इसका सबसे बड़ा आधार भारत की युवा शक्ति है। सीएम ने युवाओं से विकसित भारत 2047 अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

युवक व महिला मंगल दल से मुख्यमंत्री की अपेक्षाएं

सीएम योगी ने युवक और महिला मंगल दल से खेल और स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम और जिला स्तर पर बड़े स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। मंगल दल गांव से लेकर प्रदेश स्तर तक खेल प्रतियोगिताओं को आगे बढ़ाएं। इससे युवाओं को बेहतर मंच मिलेगा। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ अभियान चलाने की भी अपील की और कहा कि नशा समाज और राष्ट्र को खोखला करता है।

जल संरक्षण और पर्यावरण पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने गांवों में चेकडैम, अमृत सरोवर, पुराने कुओं और नदियों के पुनरुद्धार के लिए श्रमदान का आह्वान किया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि यूपी में बड़े पैमाने पर पौधरोपण कर ग्रीन कवर बढ़ाया गया है।

टीम भावना और सामूहिक प्रयास का संदेश

सीएम ने युवाओं से टीम भावना के साथ गांव के विकास में भागीदारी करने को कहा। खेल मैदानों पर कब्जा न होने दें, जल संरक्षण, पौधरोपण और नदी पुनर्जीवन जैसे अभियानों में आगे आएं। जुलाई के पहले सप्ताह में 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य भी मुख्यमंत्री ने दोहराया।

रोजगार, तकनीक और आत्मनिर्भर युवा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयास से सब कुछ संभव है। मिशन रोजगार के तहत यूपी में नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। निवेश और ओडीओपी योजना से दो करोड़ युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार मिला है। पीएम स्टार्टअप, पीएम स्टैंडअप और सीएम युवा योजना से लाखों युवा लाभान्वित हुए हैं। डिजिटल सशक्तिकरण के लिए युवाओं को स्मार्टफोन और टैबलेट वितरित किए जा रहे हैं।

पर्यटन और निवेश से बढ़ रहा रोजगार

सीएम योगी ने कहा कि यूपी में एआई, मशीन लर्निंग, ड्रोन, रोबोटिक्स जैसी नई तकनीकों में अपार संभावनाएं हैं। पर्यटन भी रोजगार का बड़ा माध्यम बन रहा है। महाकुंभ में रिकॉर्ड श्रद्धालुओं की संख्या से स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ा है। आज यूपी में शांति, सुरक्षा और विकास का माहौल है।

तकनीक के साथ नैतिकता भी जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक और प्रगति के साथ नैतिकता, अनुशासन और सामाजिक संवेदनशीलता भी जरूरी है। युवाओं को इनोवेशन और रिसर्च के लिए तैयार करना होगा। स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को राष्ट्र का शिल्पकार बताया था। मजबूत युवा शक्ति ही भारत को विश्व गुरु बनाएगी। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

PREV

Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

जनरल नरवणे कौन जिनकी वजह संसद में बवाल, आमने-सामने हुए राहुल गांधी-अमित शाह
कौन है ये लड़की जिसे हर शख्स बनाना चाहता है पत्नी, पर उसे चाहिए लड़के में सिर्फ ये 1 चीज