
उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। अब सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के अध्यक्ष और यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। बलिया में पत्रकारों से बातचीत के दौरान राजभर ने अखिलेश यादव के महिलाओं को साथ लेकर सरकार बनाने वाले बयान पर सवाल खड़े किए और कहा कि उन्हें अब यह समझ नहीं आ रहा कि वह क्या बोल रहे हैं और क्या कर रहे हैं। राजभर ने यहां तक कहा कि अखिलेश यादव अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। उनके इस बयान ने यूपी की सियासत में नई बहस छेड़ दी है।
बलिया में एक कार्यक्रम में पहुंचे ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव की राजनीतिक रणनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले वह 'पीडीए' की बात कर रहे थे, जबकि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक की राजनीति यानी PDA की चर्चा होती थी। अब महिलाओं को साथ लेकर सरकार बनाने की बात कही जा रही है। राजभर ने सवाल किया कि आखिर PDA किस आधार पर खड़ा होगा? उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव खुद तय नहीं कर पा रहे हैं कि उनकी राजनीति की दिशा क्या है।
उनका निशाना समाजवादी पार्टी के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) सामाजिक समीकरण पर था। राजभर के बयान से साफ है कि सत्तारूढ़ गठबंधन और समाजवादी पार्टी के बीच सामाजिक समीकरणों को लेकर राजनीतिक टकराव और तेज होने वाला है।
यह भी पढ़ें: Ram Mandir Donation Case में सुप्रीम कोर्ट की एंट्री, SIT को मिला 2 हफ्ते का अल्टीमेटम
ओम प्रकाश राजभर ने महिला संबंधी बिल के विरोध को लेकर भी विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब ऐसे नेता जनता के बीच जाएंगे तो महिलाएं 'झाड़ू-बेलन' लेकर उनका स्वागत करेंगी। हालांकि, इस बयान का राजनीतिक संदर्भ महिलाओं से जुड़े विधेयक और उस पर विपक्ष की स्थिति को लेकर था। राजभर लगातार महिला भागीदारी और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते रहे हैं।
अवंती बाई लोधी की स्वर्ण प्रतिमा लगाए जाने के सवाल पर भी राजभर ने अखिलेश यादव को निशाने पर लिया। उन्होंने सवाल किया कि समाजवादी पार्टी ने सत्ता में रहने के दौरान कितने महापुरुषों की प्रतिमाएं लगाईं? इस बयान के जरिए राजभर ने पिछड़े वर्ग और सामाजिक प्रतीकों की राजनीति को लेकर सपा के पुराने शासन पर सवाल खड़े करने की कोशिश की।
राजभर ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने वंदे मातरम के कथित अपमान के मुद्दे पर कहा कि इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि लोकसभा और राज्यसभा में वंदे मातरम को लेकर नियम बनाए गए हैं और देश कानून तथा संविधान के अनुसार चलता है। राजभर ने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ओम प्रकाश राजभर के ताजा बयान को 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच देखा जा रहा है। एक तरफ सपा अपने सामाजिक समीकरण को मजबूत करने की कोशिश कर रही है, वहीं बीजेपी और उसके सहयोगी दल विपक्ष के PDA मॉडल और उसकी राजनीतिक रणनीति पर लगातार सवाल उठा रहे हैं। ऐसे में राजभर का यह हमला सिर्फ एक बयान तक सीमित नहीं माना जा सकता। आने वाले दिनों में PDA, महिला प्रतिनिधित्व और सामाजिक समीकरण यूपी की चुनावी राजनीति के बड़े मुद्दों में शामिल हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें: Chemistry Professor से BJP IT Cell Chief तक, कौन हैं Deepak Mhaskey? कहानी चौंका देगी
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।