Who is Deepak Mhaskey: बीजेपी ने छत्तीसगढ़ के संगठन से जुड़े दीपक म्हस्के को नया IT Cell Chief बनाया है। Chemistry Professor से लेकर चुनावी डेटा एनालिसिस, EIL बोर्ड और छत्तीसगढ़ सरकार की जिम्मेदारी तक उनका सफर बेहद खास रहा है।

बीजेपी के डिजिटल वॉर रूम में अब एक ऐसा नाम सामने आया है, जिसकी प्रोफाइल पारंपरिक सोशल मीडिया रणनीतिकारों से काफी अलग है। पार्टी ने Deepak Mhaskey को नया IT Cell Chief नियुक्त किया है। छत्तीसगढ़ की राजनीति और संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे म्हस्के अब राष्ट्रीय स्तर पर बीजेपी की डिजिटल मशीनरी की कमान संभालेंगे। दिलचस्प बात यह है कि उनकी पहचान सिर्फ राजनीतिक संगठनकर्ता की नहीं रही है। उनका करियर केमिस्ट्री प्रोफेसर, कृषि और हॉर्टिकल्चर, चुनावी डेटा विश्लेषण, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से जुड़े डेटा और पब्लिक सेक्टर के बोर्डरूम तक फैला हुआ है। यही प्रोफाइल उनकी नई जिम्मेदारी को खास बनाती है।

Chemistry Professor से शुरू हुआ सफर

1968 में जन्मे दीपक म्हस्के के पास केमिस्ट्री में MSc की डिग्री है। इसके अलावा उन्होंने सीमेंट टेक्नोलॉजी में डिप्लोमा और कंप्यूटर प्रोग्रामिंग का प्रमाणित कोर्स भी किया है। Engineers India Limited यानी EIL में जमा उनके प्रोफाइल के मुताबिक, करियर की शुरुआत उन्होंने कॉलेज में Chemistry Professor के तौर पर की थी। इसके बाद उन्होंने कृषि, हॉर्टिकल्चर और ऑर्गेनिक फार्मिंग की दिशा में काम किया। उनके प्रोफाइल में तीन दशक से ज्यादा का हॉर्टिकल्चर और जैविक खेती का अनुभव दर्ज है। उन्होंने कुछ समय सड़क निर्माण के क्षेत्र में भी काम किया। लेकिन आगे चलकर उनके करियर में राजनीति और डेटा का पहलू तेजी से महत्वपूर्ण होता गया।

यह भी पढ़ें: Ram Mandir Donation Case में सुप्रीम कोर्ट की एंट्री, SIT को मिला 2 हफ्ते का अल्टीमेटम

2009 से BJP संगठन से जुड़े, चुनावी डेटा पर भी काम

म्हस्के के LinkedIn प्रोफाइल के अनुसार, उनका बीजेपी छत्तीसगढ़ IT Cell से जुड़ाव 2009 से रहा है। वह छत्तीसगढ़ बीजेपी के स्टेट स्पोक्सपर्सन भी रहे हैं। यानी राष्ट्रीय IT Cell की जिम्मेदारी मिलने से पहले वह लंबे समय तक पार्टी के राज्य स्तरीय संगठन और राजनीतिक गतिविधियों का हिस्सा रहे हैं। उनकी प्रोफेशनल प्रोफाइल में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली बात डेटा एनालिसिस है। EIL के रिकॉर्ड के मुताबिक, उन्हें खास तौर पर चुनावी डेटा और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संबंधित डेटा को जुटाने और उसका विश्लेषण करने में रुचि रही है। उनके द्वारा तैयार रिपोर्टों का इस्तेमाल निजी और सरकारी एजेंसियों द्वारा किए जाने का भी उल्लेख प्रोफाइल में है।

यही अनुभव बीजेपी की राष्ट्रीय डिजिटल रणनीति में उनके लिए अहम साबित हो सकता है।

EIL बोर्ड से छत्तीसगढ़ सरकार तक पहुंच

दीपक म्हस्के का अनुभव सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं रहा है। नवंबर 2021 में उन्हें Engineers India Limited में Non-Official Independent Director नियुक्त किया गया था। मार्च 2025 में उन्हें दूसरे कार्यकाल के लिए फिर नियुक्त किया गया। कंपनी की नियामकीय फाइलिंग के अनुसार, उनका EIL बोर्ड कार्यकाल इस साल मार्च में समाप्त हुआ।

इस दौरान वह Audit Committee, CSR Committee, Risk Management Committee और Nomination and Remuneration Committee जैसी समितियों में भी शामिल रहे। इसके अलावा म्हस्के छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के चेयरमैन भी हैं। यह राज्य सरकार की संस्था मेडिकल सप्लाई और उससे जुड़ी सेवाओं के क्षेत्र में काम करती है। यानी उनके अनुभव में पार्टी संगठन, सरकारी तंत्र, डेटा और कॉरपोरेट गवर्नेंस—चारों पहलू दिखाई देते हैं।

अब राष्ट्रीय IT Cell की जिम्मेदारी, डेटा अनुभव कितना आएगा काम?

बीजेपी का IT Cell पार्टी की डिजिटल राजनीति का अहम हिस्सा है। ऐसे में Deepak Mhaskey की नियुक्ति इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि उनकी प्रोफाइल में सोशल मीडिया से ज्यादा डेटा, संगठन और चुनावी विश्लेषण का अनुभव दिखाई देता है। अब सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि छत्तीसगढ़ में वर्षों के संगठनात्मक अनुभव और चुनावी डेटा के साथ काम करने की उनकी क्षमता को वह राष्ट्रीय स्तर की डिजिटल रणनीति में किस तरह इस्तेमाल करते हैं। उनकी नई भूमिका में सोशल मीडिया के साथ-साथ डेटा आधारित राजनीतिक संचार और संगठनात्मक रणनीति पर भी नजर रह सकती है। हालांकि, उनकी नियुक्ति के बाद बीजेपी की राष्ट्रीय IT रणनीति में वास्तविक बदलाव किस दिशा में होगा, यह आने वाले समय में ही स्पष्ट होगा।

यह भी पढ़ें: BJP New Team: कौन बना उपाध्यक्ष और किसे मिला महामंत्री पद? सामने आई पूरी लिस्ट