
पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत में शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। अधिकारियों के अनुसार, क्षमता से अधिक यात्रियों को लेकर जा रही एक बस सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए।
सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, बस में कुल 48 यात्री सवार थे। यह बस बलूचिस्तान की प्रांतीय राजधानी क्वेटा से पाकिस्तान की राष्ट्रीय राजधानी इस्लामाबाद जा रही थी। रास्ते में बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की सीमा के पास स्थित दूरदराज इलाके 'दाना सर' में हादसा हो गया।
बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद और एक बचाव एजेंसी के अनुसार, यात्रा के दौरान अचानक बस चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया। इसके बाद बस सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही बड़ी संख्या में लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही बचाव दल और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।अधिकारियों के अनुसार, हादसे में मरने वालों की संख्या 40 तक पहुंच गई है, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बस 36 यात्रियों को लेकर बलूचिस्तान के क्वेटा से निकली थी, लेकिन रास्ते में खराब हुई एक दूसरी बस से कुछ और यात्री इसमें सवार हो गए। जब बस खाई में गिरी तो उस वक्त इसमें कुल 48 यात्री सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलने के फौरन बाद इमरजेंसी सर्विस और रेस्क्यू 1122 की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। बता दें कि इससे पहले मई, 2026 में उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में एक मिनीबस खड़ी बस से टकरा गई थी, जिसमें 17 लोगों की मौत हुई थी जबकि 5 घायल हुए थे।
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने बलूचिस्तान में हुए भीषण बस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और उनके दुख में साझेदारी जताई। राष्ट्रपति ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि हादसे में घायल हुए सभी लोगों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनका जल्द इलाज हो सके।
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने भी इस दर्दनाक हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने प्रशासन को राहत और बचाव अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर उनके इलाज की पूरी व्यवस्था की जाए। साथ ही राहत कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।