
दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मनीला यात्रा के दौरान एक ऑटो की सवारी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई। आसियान शिखर सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे मोदी जब विशेष रूप से सजाए गए तीन पहियों वाले ऑटो में बैठे तो उनका वीडियो वायरल हो गया। इसके बाद पाकिस्तान के कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स ने दावा किया कि मोदी जिस ऑटो में बैठे थे, वह पाकिस्तान में बना है। लाहौर के पत्रकार हम्माद हसन ने भी ऐसा ही दावा किया। लेकिन जल्द ही इस दावे की हकीकत सामने आ गई।
दरअसल, मोदी की ऑटो सवारी का वीडियो सामने आने के बाद कई पाकिस्तानी यूजर्स ने इसे अपने देश की उपलब्धि बताना शुरू कर दिया। दावा किया गया कि यह मेड इन पाकिस्तान ई-रिक्शा है। हालांकि, वीडियो की बारीकी से जांच करने पर ऑटो के डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर पर बजाज का लोगो दिखाई दिया। इससे साफ हुआ कि वाहन भारतीय ऑटोमोबाइल कंपनी बजाज ऑटो का था, न कि पाकिस्तान का।
इस पूरे मामले में पाकिस्तान की ऑटोमोबाइल कंपनी साजगर का भी जिक्र सामने आया। दरअसल, पिछले महीने इस कंपनी ने फिलीपींस के लगुना में अपना पहला विदेशी मैन्युफैक्चरिंग प्लांट शुरू किया था। माना जा रहा है कि इसी वजह से कुछ पाकिस्तानी यूजर्स ने मनीला में इस्तेमाल हुए ऑटो को अपने देश का बताना शुरू कर दिया। जबकि शिखर सम्मेलन में नेताओं को लाने-ले जाने के लिए बजाज के तीन पहियों वाले वाहन इस्तेमाल किए गए थे।
पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल्स के दावे सामने आने के बाद भारतीय यूजर्स ने भी जमकर जवाब दिया। कई लोगों ने बजाज के लोगो वाली तस्वीरें साझा कर दावे की सच्चाई दिखाई। इस तरह पीएम मोदी की ऑटो सवारी से शुरू हुआ सोशल मीडिया विवाद भारत और पाकिस्तान के यूजर्स के बीच चर्चा का विषय बन गया।
पीएम मोदी 16 और 17 नवंबर को फिलीपींस की यात्रा पर थे। इस दौरान उन्होंने 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लिया।
#WATCH | प्रधानमंत्री @narendramodi फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर द्वारा आयोजित आसियान गाला डिनर में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने फिलीपींस के पुरुषों की राष्ट्रीय औपचारिक पोशाक ‘बारोंग तागालोग’ पहनी।
बारीक हाथ की कढ़ाई के लिए प्रसिद्ध बारोंग तागालोग, फिलीपीनी कारीगरों की समृद्ध वस्त्र विरासत और शिल्प कौशल को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने विशेष रूप से डिजाइन किए गए इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल से भी यात्रा की।
@indembmanila @MEAIndia @narendramodi
#PMModi #Philippines #ASEANIndiaSummit #EastAsiaSummit
— आकाशवाणी समाचार (@AIRNewsHindi) November 16, 2026
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।