
Purvanchal Expressway Accident: सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसे में चार क्रिकेटरों की मौत हो गई। हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र में हुआ। लखनऊ से देवरिया लौट रही अर्टिगा कार पीछे से ट्रक में जा घुसी। शुरुआती जांच में पुलिस ने ड्राइवर को झपकी आने की आशंका जताई है। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों और यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने कार के गेट तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। तीन लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन घायलों को अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान एक और खिलाड़ी की मौत हो गई। मृतकों की पहचान देवरिया के नित्य प्रजापति, इरफान अंसारी, आनंद यादव और भागलपुर के अनिकेत सिंह के रूप में हुई है। हादसे में देवरिया के राजू और पश्चिम बंगाल के बीरभूम निवासी जयंतो शर्मा घायल हुए हैं।
खिलाड़ी पवन चौरसिया के मुताबिक, देवरिया के अलग-अलग इलाकों से 11 खिलाड़ी सोमवार रात टेनिस क्रिकेट खेलने लखनऊ के बीकेटी गए थे। सभी देवरिया टेनिस क्रिकेट टीम की ओर से खेलने पहुंचे थे। मैच खत्म होने के बाद खिलाड़ी अलग-अलग गाड़ियों से वापस लौट रहे थे। पवन ने बताया कि वह दूसरी कार से पीछे आ रहे थे। जिस अर्टिगा का एक्सीडेंट हुआ, उसमें नित्य प्रजापति, आनंद यादव, अनिकेत सिंह, इरफान अंसारी समेत अन्य खिलाड़ी सवार थे। कार इमरान अंसारी की बताई गई है।
घायल जयंतो शर्मा ने बताया कि कार में सवार लोग सो रहे थे। अचानक टक्कर हुई और नींद खुली तो कार ट्रक में घुसी थी। अंदर साथी खिलाड़ी खून से लथपथ थे। राहगीरों ने दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला।
परिजनों के मुताबिक, चारों खिलाड़ी क्रिकेट में काफी अच्छे थे और यूपी, बिहार समेत दूसरे इलाकों में होने वाली प्रतियोगिताओं में खेलने जाते थे। नित्य प्रजापति के पिता कैटरिंग का काम करते हैं। इरफान अंसारी के परिवार में तीन भाई हैं। अनिकेत सिंह देवरिया के लार क्षेत्र के चुरिया गांव के रहने वाले थे। उनके पिता शराब की दुकान पर सेल्समैन हैं, जबकि मां गृहिणी हैं।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।