
Siddaramaiah Delhi Meeting: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शुक्रवार को दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी से उनकी करीब आधे घंटे से ज्यादा बातचीत हुई। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में राहुल गांधी ने सिद्धारमैया को चुनावी राजनीति से संन्यास लेने की बातें न करने की सलाह दी।
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे सिद्धारमैया राहुल गांधी से मिलने उनके 10 जनपथ स्थित आवास पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच लंबी बातचीत हुई। सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी ने सिद्धारमैया से कहा कि उन्हें बार-बार रिटायरमेंट की बात नहीं करनी चाहिए। पार्टी को अभी भी उनके अनुभव, सेवा और नेतृत्व की जरूरत है।
बताया जा रहा है कि सिद्धारमैया ने अपनी उम्र का हवाला देते हुए कहा कि इसी वजह से वह कभी-कभी चुनावी राजनीति से संन्यास को लेकर ऐसी बातें करते हैं। हालांकि, बैठक के बाद उन्होंने बातचीत के मुद्दों को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की।
राहुल गांधी और सिद्धारमैया की मुलाकात में सिर्फ रिटायरमेंट का मुद्दा ही नहीं था। सूत्रों के मुताबिक, कर्नाटक मंत्रिमंडल के विस्तार, निगम और बोर्ड के अध्यक्षों में बदलाव, विधान परिषद की खाली सीटों को भरने और जातीय जनगणना को लागू करने जैसे अहम मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
इससे पहले कर्नाटक भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सिद्धारमैया ने राहुल गांधी से मुलाकात को सामान्य बताया था। उन्होंने कहा था कि वह कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक के लिए दिल्ली आए थे और इसी दौरान राहुल गांधी से मिलने का समय मांगा था।
राहुल गांधी से मुलाकात के बाद सिद्धारमैया ने दोपहर करीब 2 बजे कांग्रेस के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल से भी उनके लोधी एस्टेट स्थित आवास पर मुलाकात की। माना जा रहा है कि इस बैठक में भी कर्नाटक कैबिनेट विस्तार और निगम-बोर्ड में नई नियुक्तियों को लेकर चर्चा हुई।
हालांकि, दोनों बैठकों के बाद सिद्धारमैया ने मीडिया के सवालों पर ज्यादा जानकारी देने से इनकार कर दिया। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात की है, लेकिन बैठक में क्या बातचीत हुई, यह वह नहीं बता सकते।
सिद्धारमैया की दिल्ली में राहुल गांधी और के.सी. वेणुगोपाल से लगातार हुई मुलाकातों ने कर्नाटक कांग्रेस की सियासत को लेकर चर्चाएं जरूर तेज कर दी हैं।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।