
India Japan Defence Partnership: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को जापान की राजधानी टोक्यो पहुंचे, जहां जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइज़ुमी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। जापान के रक्षा मंत्रालय पहुंचने पर राजनाथ सिंह को शानदार सेरेमोनियल गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरे के दौरान भारत और जापान के बीच रक्षा एवं रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा होगी।
राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर भारत-जापान की चौथी विदेश एवं रक्षा मंत्री स्तरीय बैठक (2+2) में हिस्सा लेने टोक्यो पहुंचे हैं। इसके अलावा जयशंकर 19वें भारत-जापान विदेश मंत्री रणनीतिक संवाद में भी शामिल होंगे।
टोक्यो पहुंचने पर भारत की राजदूत नगमा मल्लिक ने राजनाथ सिंह का स्वागत किया। वहीं, राजदूत मल्लिक और डिप्टी चीफ ऑफ मिशन मधु सूदन ने विदेश मंत्री एस जयशंकर का भी स्वागत किया।
राजनाथ सिंह जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइज़ुमी के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। इसके बाद राजनाथ सिंह और एस जयशंकर भारतीय पक्ष से 2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता की सह-अध्यक्षता करेंगे। जापान की ओर से रक्षा मंत्री कोइज़ुमी और विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी इसमें शामिल होंगे।
बैठक में दोनों देश अपनी रक्षा और रणनीतिक साझेदारी को व्यापक बनाने, क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करने और स्वतंत्र, खुले, समावेशी तथा नियम-आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराएंगे।
राजनाथ सिंह और शिंजिरो कोइज़ुमी के बीच 2026 में यह तीसरी मुलाकात होगी। इससे पहले अगस्त में नई दिल्ली और अक्टूबर में सेबू में आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच बातचीत हुई थी।
इस बार चर्चा में रक्षा तकनीक, समुद्री सुरक्षा, तीनों सेनाओं के संयुक्त अभ्यास का विस्तार और रक्षा उद्योग से जुड़े सहयोग को मजबूत करने जैसे अहम मुद्दे शामिल होंगे। दोनों देश रक्षा क्षेत्र में बेहतर ऑपरेशनल तालमेल और औद्योगिक साझेदारी के लिए नए रास्ते तलाशेंगे।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इस दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत-जापान के द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को और गहरा करना तथा बेहतर ऑपरेशनल एवं औद्योगिक सहयोग के लिए रोडमैप तैयार करना है।
जापान रवाना होने से पहले राजनाथ सिंह ने भी दोनों देशों के बीच सार्थक चर्चा की उम्मीद जताई थी। उन्होंने कहा कि भारत और जापान आपसी विश्वास, लोकतांत्रिक मूल्यों और स्वतंत्र एवं खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के साझा दृष्टिकोण पर आधारित विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी रखते हैं।
रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि यात्रा के दौरान रक्षा और सुरक्षा सहयोग की प्रगति की समीक्षा की जाएगी तथा तकनीक, समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के नए रास्ते तलाशे जाएंगे।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।