July: 7 बड़े बदलाव लाई जुलाई, आपकी जेब पर कितना पड़ेगा असर

Published : Jul 01, 2026, 07:30 AM IST
Rule Changes from 1st july

सार

1 जुलाई से LPG, पासपोर्ट फीस, आधार अपडेट, ट्रेन जुर्माना, क्रेडिट कार्ड, फ्यूल बिक्री और गाड़ियों की कीमतों समेत कई नियम बदल जाएंगे।

Rule Change From July 1 : पहली जुलाई से पूरे देश में कई नए नियम और नीतिगत बदलाव लागू होने जा रहे हैं। इनका असर आम लोगों के रोजमर्रा के खर्च और लेन-देन पर दिखाई देगा। इन बदलावों में पेट्रोल-डीजल की बिक्री, LPG और CNG की कीमतें, आधार सेवाएं, पासपोर्ट फीस, रेलवे के नियम, क्रेडिट कार्ड और गाड़ियों की कीमतें शामिल हैं। आइए जानते हैं कि 1 जुलाई से क्या-क्या बदलने वाला है।

1- पेट्रोल-डीजल की बिक्री पर लगी पाबंदियां हटेंगी

सरकार ने वेस्ट एशिया संकट के बीच 12 जून को पेट्रोल और डीज़ल की बिक्री पर कुछ अस्थायी पाबंदियां लगाई थीं। इन नियमों के तहत एक ग्राहक या वाहन को एक दिन में अधिकतम 200 लीटर डीजल ही दिया जा सकता था। साथ ही बड़े औद्योगिक और व्यावसायिक ग्राहकों को रिटेल पेट्रोल पंप की बजाय निर्धारित कंज्यूमर पंप से ईंधन लेने के निर्देश दिए गए थे। इन कदमों का उद्देश्य जमाखोरी और कालाबाजारी रोकना था। अब पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 29 जून को आदेश जारी कर इन प्रतिबंधों को 1 जुलाई से समाप्त करने का फैसला किया है।

2- LPG, CNG, PNG और ATF की कीमतों में हो सकता है बदलाव

हर महीने की पहली तारीख को ऑयल मार्केटिंग कंपनियां ईंधन और गैस की कीमतों की समीक्षा करती हैं। इसी क्रम में 1 जुलाई को कमर्शियल LPG सिलेंडर, CNG, PNG और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की नई कीमतें जारी हो सकती हैं। घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में पिछले कुछ महीनों से कोई बदलाव नहीं हुआ है, इसलिए इस बार उपभोक्ताओं की नजर नई दरों पर रहेगी।

3- आधार में ईमेल अपडेट करना होगा मुफ्त

भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार से जुड़ी एक बड़ी राहत दी है। 1 जुलाई से 31 दिसंबर तक नए आधार मोबाइल ऐप के जरिए आधार में ईमेल एड्रेस जोड़ना या अपडेट करना पूरी तरह मुफ्त होगा। पहले इसके लिए 75 रुपये का शुल्क देना पड़ता था। यह सुविधा केवल नए आधार ऐप पर मिलेगी। अन्य माध्यमों से ईमेल अपडेट कराने पर पहले की तरह निर्धारित शुल्क देना होगा। UIDAI पुराने mAadhaar ऐप को बंद कर रहा है और उसकी जगह नया, अधिक सुरक्षित और बेहतर फीचर्स वाला आधार ऐप लाया जा रहा है।

4- पासपोर्ट फीस में होगा बड़ा बदलाव

विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट (संशोधन) नियम, 2026 के तहत पासपोर्ट फीस में संशोधन किया है। नई फीस 1 जुलाई से लागू होगी। करीब 14 साल बाद पासपोर्ट शुल्क में बड़ा बदलाव किया गया है। नई फीस इस प्रकार होगी।

  • 36 पेज सामान्य पासपोर्ट: ₹1,500 से बढ़कर ₹2,500
  • 36 पेज तत्काल पासपोर्ट: ₹3,500 से बढ़कर ₹5,000
  • 60 पेज सामान्य पासपोर्ट: ₹2,000 से बढ़कर ₹3,500
  • 60 पेज तत्काल पासपोर्ट: ₹4,000 से बढ़कर ₹6,000

इसके अलावा पासपोर्ट री-इश्यू, खोए या क्षतिग्रस्त पासपोर्ट, पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट (PCC) और नाबालिगों के पासपोर्ट के शुल्क में भी बढ़ोतरी की गई है। हालांकि पासपोर्ट की वैधता में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वयस्कों का पासपोर्ट पहले की तरह 10 साल तक वैध रहेगा।

5- बिना टिकट ट्रेन यात्रा करना होगा महंगा

1 जुलाई से रेलवे में बिना टिकट या गलत टिकट पर यात्रा करने वालों पर ज्यादा जुर्माना लगेगा। रेलवे एक्ट, 1989 की धारा 137 और 138 में संशोधन के बाद न्यूनतम जुर्माना 250 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है। रेलवे का कहना है कि इसका उद्देश्य बिना टिकट यात्रा रोकना और टिकट जांच व्यवस्था को मजबूत करना है।हालांकि, अधिकतम सजा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दोषी पाए जाने पर छह महीने तक की जेल 1000 रुपये तक जुर्माना या दोनों हो सकते हैं।

6- क्रेडिट कार्ड के नियम भी बदलेंगे

1 जुलाई से SBI कार्ड कुछ PhonePe SBI क्रेडिट कार्ड पर मिलने वाले रिवॉर्ड पॉइंट्स के नियमों में बदलाव करेगा। वहीं HDFC बैंक भी अपने Regalia Gold क्रेडिट कार्ड के नियम अपडेट कर रहा है। नए नियमों के अनुसार घरेलू एयरपोर्ट लाउंज की मुफ्त सुविधा पाने के लिए कार्डधारकों को पिछली तिमाही में कम से कम 60,000 रुपये खर्च करना होगा।

7- गाड़ियां खरीदना होगा महंगा

1 जुलाई से कई वाहन कंपनियां अपनी गाड़ियों की कीमतें बढ़ाने जा रही हैं। टाटा मोटर्स अपनी पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक पैसेंजर गाड़ियों की कीमतें 1.5% तक बढ़ाएगी। वहीं कमर्शियल वाहनों की कीमतों में 2.5% तक बढ़ोतरी होगी। किया इंडिया भी अपनी सभी गाड़ियों की कीमतें 2% तक बढ़ाने जा रही है। दोनों कंपनियों ने कच्चे माल की बढ़ती लागत और महंगाई को कीमत बढ़ाने की वजह बताया है।

PREV

Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Bird Formation: आसमान में पक्षी 'V' शेप में क्यों उड़ते हैं? इसके पीछे छिपा है कमाल का साइंस!
Top 10 Morning News: IMD का बड़ा अलर्ट, अमेरिका-ईरान तनाव और FIFA में सबसे बड़ा उलटफेर!