UP News: सपा छात्र सभा का Blue Look, 2027 चुनाव से पहले अखिलेश यादव का बड़ा युवा दांव?

Published : Sep 09, 2026, 10:46 AM IST
samajwadi party chhatra sabha blue colour

सार

समाजवादी पार्टी की छात्र सभा अब नीले ड्रेस कोड में नजर आएगी। लाल-हरे के बीच Blue की एंट्री को Gen Z, PDA और 2027 चुनाव की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

समाजवादी पार्टी (SP) की पहचान लंबे समय से लाल और हरे रंग से जुड़ी रही है। पार्टी के झंडे से लेकर उसके राजनीतिक कार्यक्रमों तक इन दोनों रंगों की मौजूदगी साफ दिखाई देती है। लेकिन अब सपा के रंगों में एक नया रंग अपनी जगह बनाता नजर आ रहा है- नीला।

नीला रंग दलित प्रतिरोध और सामाजिक बराबरी की राजनीति का भी मजबूत प्रतीक माना जाता है। ऐसे में समाजवादी पार्टी के रंगों में नीले रंग की बढ़ती मौजूदगी को सिर्फ फैशन या बदलाव के तौर पर नहीं देखा जा रहा है। खासकर तब, जब सपा अपनी राजनीति में पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी PDA समीकरण को लगातार प्रमुखता दे रही है।

SP Chhatra Sabha: Gen Z के लिए बदलेगा ड्रेस कोड

समाजवादी छात्र सभा यानी Samajwadi Chhatra Sabha अब नए और आधुनिक रूप में नजर आने की तैयारी में है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, छात्र संगठन के सदस्यों के लिए नया ड्रेस कोड तय किया गया है, जिसमें नीले रंग की टी-शर्ट और जींस या फिर इसी रंग की शर्ट और ट्राउजर शामिल होंगे।

इस बदलाव के पीछे पार्टी नेतृत्व की सोच युवाओं, खासकर Gen Z से छात्र संगठन को जोड़ने की बताई जा रही है। पार्टी के रणनीतिकारों का मानना है कि युवा वर्ग में नीला रंग काफी लोकप्रिय है और डेनिम जैसे परिधानों के साथ यह आसानी से मेल खाता है। नए ड्रेस कोड की औपचारिक घोषणा अगले कुछ दिनों में लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में किए जाने की संभावना है।

SP में पहले भी दिखाई दे चुका है नीला रंग

दिलचस्प बात यह है कि समाजवादी पार्टी के लिए नीला रंग पूरी तरह नया नहीं है। 31 अगस्त को प्रदेशभर के जिला और शहर अध्यक्षों की बैठक के दौरान पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव समेत कई बड़े नेता नीले रंग के गमछे या स्कार्फ में नजर आए थे।

इन स्कार्फ पर समाजवादी पार्टी का चुनाव चिह्न साइकिल लाल रंग में बना हुआ था। नीले स्कार्फ ने पार्टी के पुराने लाल-हरे स्कार्फ से अलग पहचान बनाई। इससे पहले 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान लाल और हरे स्कार्फ की जगह लाल चेक वाले गमछे ने ले ली थी। हालांकि, उस समय नीले स्कार्फ को लेकर सवाल पूछे जाने पर पार्टी नेताओं ने इस बदलाव पर ज्यादा टिप्पणी नहीं की थी।

नीले रंग को लेकर SP की क्या है दलील?

सपा के नेताओं और पदाधिकारियों का कहना है कि नीले रंग को किसी जाति विशेष की राजनीति से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उनके मुताबिक, नीला रंग खुले आसमान का प्रतीक है, जिसके नीचे हर व्यक्ति समान है और जातिगत भेदभाव से मुक्त समाज की कल्पना की जा सकती है।

हालांकि, राजनीतिक नजरिए से देखें तो नीले रंग का एक और महत्वपूर्ण सामाजिक संदर्भ है। यह रंग डॉ. भीमराव आंबेडकर और दलित आंदोलन से भी गहराई से जुड़ा रहा है। यही वजह है कि सपा के रंगों में नीले रंग की मौजूदगी को राजनीतिक संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है।

PDA की राजनीति से भी जुड़ रहा है नीला रंग

समाजवादी पार्टी पिछले कुछ समय से PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के राजनीतिक समीकरण पर खास जोर दे रही है। ऐसे में नीले रंग का पार्टी के कार्यक्रमों और संगठनों में बढ़ना रणनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। हालांकि, छात्र सभा के लोगो में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, संगठन के लोगो में मौजूद मूल डिजाइन, आकार और रंग वही रहेंगे। यानी लोगो में समाजवादी पार्टी के पारंपरिक लाल और हरे रंग बरकरार रहेंगे।

युवाओं को साधने की कोशिश या बड़ा राजनीतिक संकेत?

पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के मुताबिक, छात्र सभा में बड़ी संख्या में ऐसे युवा हैं जो Gen Z का हिस्सा हैं। ऐसे में संगठन को बाकी फ्रंटल संगठनों से अलग और आधुनिक पहचान देने के लिए नीले रंग का इस्तेमाल करने का फैसला लिया गया है। पार्टी रणनीतिकारों का कहना है कि आज के युवा डेनिम जींस और डेनिम शर्ट जैसे कपड़ों में नीले रंग को काफी पसंद करते हैं। इसलिए ऐसा रंग चुना गया है जो युवा पीढ़ी की पसंद और पार्टी की राजनीतिक पहचान, दोनों के साथ फिट बैठ सके।

लेकिन इस बदलाव का समय भी कम महत्वपूर्ण नहीं है। उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं और राजनीतिक दल अभी से युवा मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में जुटे हैं। ऐसे में समाजवादी छात्र सभा को नया लुक देना सिर्फ संगठनात्मक बदलाव नहीं, बल्कि युवाओं तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति भी माना जा रहा है।

UP Election 2027: BJP-SP के बीच मुकाबला

उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 का विधानसभा चुनाव बेहद अहम माना जा रहा है। मौजूदा विधानसभा में 403 निर्वाचित सदस्य हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी के 258, समाजवादी पार्टी के 107 और अपना दल के 13 विधायक हैं। वहीं, कांग्रेस समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में रहते हुए उत्तर प्रदेश की राजनीति में वापसी की कोशिश कर रही है और 2027 के विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है। ऐसे राजनीतिक माहौल में समाजवादी पार्टी का छात्र संगठन युवाओं को अपने साथ जोड़ने के लिए नया रूप ले रहा है। नीला रंग इस बदलाव का सबसे प्रमुख हिस्सा बनने जा रहा है।

UP BJP ने कसा तंज, पंकज चौधरी बोले- 'भेष बदल गया'

समाजवादी पार्टी के इस बदलाव पर बीजेपी की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सपा पर निशाना साधते हुए लिखा कि लाल टोपी के बाद अब नीले कपड़ों के जरिए नया रूप दिखाया जा रहा है।

बीजेपी ने इस बदलाव को सपा की राजनीतिक रणनीति और चुनावी तैयारी से जोड़कर हमला बोला है। वहीं, समाजवादी पार्टी इसे युवाओं के साथ जुड़ने और छात्र संगठन को आधुनिक पहचान देने की कवायद बता रही है।

सपा के पारंपरिक लाल-हरे रंगों के बीच नीले रंग की एंट्री ने उत्तर प्रदेश की सियासत में एक नई चर्चा जरूर छेड़ दी है। अब देखना यह होगा कि यह बदलाव सिर्फ छात्र संगठन के ड्रेस कोड तक सीमित रहता है या आने वाले चुनाव में समाजवादी पार्टी की व्यापक राजनीतिक ब्रांडिंग का हिस्सा भी बनता है।

PREV

Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

सत्य निकेतन हादसा: मालिक के बेटे ने बताए 2 PG ऑपरेटरों के नाम, एक गिरफ्तार...दूसरा कौन?
Assi Ghat: गंगा पीछे हटी तो सामने आया अस्सी घाट का नया रूप, हर तरफ दिखी गाद और रेत की परत