
क्या बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना 16 दिसंबर को भारत से अपने देश लौटने वाली हैं? करीब ढाई साल से भारत में रह रहीं हसीना ने बांग्लादेश के विजय दिवस पर स्वदेश वापसी की योजना सामने रखी है। लेकिन उनके इस ऐलान ने ढाका की सियासत में हलचल बढ़ा दी है। बांग्लादेश सरकार ने साफ संकेत दिया है कि हसीना की वापसी सामान्य यात्री की तरह नहीं होगी। विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने यहां तक कह दिया कि उन्हें हथकड़ी लगाकर या कड़ी निगरानी में ही वापस लाया जा सकता है।
शेख हसीना ने 16 दिसंबर 2026 को बांग्लादेश लौटने की योजना बनाई है। यह तारीख इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि बांग्लादेश इसी दिन अपना विजय दिवस मनाता है। 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध में जीत के बाद बांग्लादेश की स्वतंत्रता का मार्ग प्रशस्त हुआ था। रॉयटर्स के मुताबिक, अगस्त 2024 में सत्ता से बेदखल होने के बाद पहली बार हसीना ने अपनी वापसी की कोई निश्चित तारीख बताई है।
यह भी पढ़ें: 6 साल की दुश्मनी खत्म! पंजाब में BJP-अकाली दल फिर साथ, क्या भगवंत मान की बढ़ेगी मुश्किल?
हसीना की वापसी की योजना पर बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी की इच्छा और वास्तविकता में फर्क होता है। हसीना कोई सामान्य यात्री नहीं हैं, जो अपनी मर्जी से विमान में बैठकर लौट आएं। कबीर के मुताबिक, उनकी वापसी प्रत्यर्पण प्रक्रिया के तहत ही हो सकती है और उन्हें हिरासत या कड़ी निगरानी में लाया जाएगा। हालांकि, यह बांग्लादेश सरकार का रुख है। हसीना ने अपनी वापसी की योजना छोड़ी नहीं है।
शेख हसीना ने बांग्लादेश सरकार से राष्ट्रीय विमानन कंपनी बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस के जरिए दिल्ली से ढाका लौटने की व्यवस्था करने की मांग की है। उनके प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने दलील दी कि 5 अगस्त 2024 को हसीना को बांग्लादेश के विमान से भारत पहुंचाया गया था। इसलिए उनकी वापसी की व्यवस्था करना भी सरकार की जिम्मेदारी है। लेकिन बांग्लादेश के अधिकारियों ने इस मांग को स्वीकार करने के संकेत नहीं दिए हैं।
शेख हसीना अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद सत्ता से हट गई थीं और भारत आ गई थीं। नवंबर 2025 में बांग्लादेश के एक विशेष न्यायाधिकरण ने आंदोलन के दौरान हिंसक कार्रवाई से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी। हसीना आरोपों से इनकार करती रही हैं और फैसले को चुनौती देती हैं। बांग्लादेश सरकार भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रही है। ऐसे में उनकी वापसी केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि गंभीर कानूनी मामला भी बन गई है।
फिलहाल हसीना की वापसी की तारीख घोषित होने का मतलब यह नहीं है कि यात्रा की सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने नए पासपोर्ट और पहचान दस्तावेजों के लिए भी आवेदन किया है। दूसरी ओर, ढाका सरकार प्रत्यर्पण के रास्ते पर जोर दे रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या भारत और बांग्लादेश के बीच उनकी वापसी को लेकर कोई सहमति बनेगी या 16 दिसंबर की तारीख राजनीतिक टकराव का नया कारण बन जाएगी।
यह भी पढ़ें: Punjab Politics: 6 साल बाद NDA में लौटा अकाली दल, 2027 चुनाव BJP के साथ! क्या है पूरा प्लान?
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।