
Siya Goyal Case Update: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड (Ketan Agarwal Murder Case) में एक नया मोड़ आ गया है। अब मामले में एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मुख्य आरोपी सिया गोयल के भाई साहिल गोयल के एक इंटरव्यू के बाद एडवोकेट आशुतोष श्रीवास्तव ने उन्हें 10 करोड़ रुपए का मानहानि नोटिस भेज दिया है। इसके बाद पूरा मामला एक बार फिर गरमा गया है। आखिर ऐसा क्या हुआ कि इंटरव्यू के बाद इतने बड़े मानहानि के नोटिस की नौबत आ गई? आइए जानते हैं पूरा विवाद…
पूरा विवाद सिया गोयल की कानूनी पैरवी को लेकर शुरू हुआ। हाल ही में मुख्य आरोपी सिया गोयल (Siya Goyal) के भाई साहिल गोयल ने 'इंडिया टुडे टीवी' को एक इंटरव्यू दिया था। इस इंटरव्यू में साहिल ने दावा किया था कि उनके परिवार ने एडवोकेट आशुतोष श्रीवास्तव को कभी अपना वकील नियुक्त नहीं किया। साहिल ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ कानूनी दस्तावेजों पर सिया के साइन लेने में गड़बड़ी हो सकती है। इन्हीं बयानों के बाद आशुतोष श्रीवास्तव ने कड़ा रुख अपनाते हुए मानहानि नोटिस भेज दिया।
आशुतोष श्रीवास्तव का कहना है कि साहिल गोयल के आरोप पूरी तरह गलत, भ्रामक और उनकी प्रोफेशनल इमेज को नुकसान पहुंचाने वाले हैं। नोटिस में मांग की गई है कि आरोप वापस लिए जाएं, सार्वजनिक माफी मांगी जाए और भविष्य में ऐसे बयान दोबारा न देने का लिखित आश्वासन दिया जाए। इसके साथ ही 10 करोड़ रुपए के हर्जाने की मांग भी की गई है।
सुनवाई के दौरान आशुतोष श्रीवास्तव ने दावा किया कि वे सिया गोयल का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और उन्होंने कोर्ट में वकालतनामा भी पेश किया। लेकिन कोर्ट में सिया गोयल ने कहा कि उनके वकील आशुतोष श्रीवास्तव नहीं बल्कि एडवोकेट विपुल दुशिंग हैं। इसके बाद यह विवाद और गहरा गया।
आशुतोष श्रीवास्तव का दावा है कि उनकी टीम ने सीधे सिया गोयल से मुलाकात की थी। उनके मुताबिक, सिया ने खुद उन्हें कानूनी सहायता के लिए अधिकृत किया था और वकालतनामे पर अपने साइन किए थे। वकील का कहना है कि सिया बालिग हैं और अपने फैसले खुद लेने में सक्षम हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनका संपर्क सीधे सिया से था, न कि परिवार के किसी सदस्य से।
साहिल गोयल का कहना है कि परिवार ने आधिकारिक रूप से एडवोकेट विपुल दुशिंग को नियुक्त किया था। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में कोर्ट में हलफनामा भी दाखिल किया गया था। साहिल ने यह भी आरोप लगाया कि आशुतोष श्रीवास्तव को परिवार की ओर से कोई अधिकार नहीं दिया गया था। हालांकि, अब तक साहिल गोयल की ओर से 10 करोड़ रुपए के नोटिस पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इसी बीच पुलिस हत्या मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, डिजिटल सबूत जुटाए जा रहे हैं, डिलीट किया गया डेटा रिकवर करने की कोशिश हो रही है, सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी है और नए गवाहों की पहचान की जा रही है। इसके अलावा कथित रूप से गायब पासपोर्ट की भी तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जांच में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।
पुलिस के अनुसार, 20 साल सिया गोयल और उसके 22 साल बॉयफ्रेंड पर केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश रचने का आरोप है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि दोनों ने मिलकर पुणे के लोहागढ़ किले के पास कथित तौर पर केतन अग्रवाल को खाई में धक्का देकर मारने का प्लान बनाया। पुलिस का दावा है कि सिया शादी नहीं करना चाहती थी और इसी वजह से यह साजिश रची गई। हालांकि मामले में अंतिम फैसला अदालत द्वारा सुनवाई पूरी होने के बाद ही आएगा।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।