Belonging A Journey of Love: सोनिया गांधी की किताब में मेनका गांधी के गांधी परिवार में आने, सोनिया से रिश्ते बिगड़ने और संजय-मेनाका के झगड़ों से बढ़े पारिवारिक तनाव का जिक्र है।
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) में गांधी परिवार के कई पुराने किस्सों का जिक्र किया है। इसमें उन्होंने अपनी देवरानी और संजय गांधी की पत्नी मेनका गांधी के परिवार में आने से लेकर उनके साथ रिश्ते खराब होने और घर छोड़कर जाने तक की पूरी कहानी बताई है।
18 की उम्र में गांधी परिवार का हिस्सा बनीं मेनका
सोनिया गांधी के मुताबिक, मेनका जब गांधी परिवार का हिस्सा बनीं, तब उनकी उम्र महज 18 साल थी।
शुरुआत में दोनों के बीच संबंध अच्छे थे। सोनिया को घर में एक छोटी देवरानी का होना अच्छा लगता था।
लेकिन समय के साथ परिवार का माहौल बदलने लगा और दोनों के बीच दूरियां बढ़ती गईं।
सोनिया ने किताब में बताया है कि आखिर किन घटनाओं के बाद मेनका ने गांधी परिवार का घर छोड़ दिया था।
बेहद जिंदादिल और बातूनी थीं मेनका गांधी
सोनिया गांधी के मुताबिक, 1973 के आखिर में संजय गांधी की मुलाकात मेनका से हुई थी। उस समय मेनका उनसे 10 साल छोटी थीं।
सोनिया ने उन्हें बेहद खूबसूरत और चुलबुली लड़की बताया है। एक साल के भीतर ही दोनों की शादी हो गई और 18 साल की उम्र में मेनका गांधी परिवार का हिस्सा बन गईं।
सोनिया लिखती हैं कि मेनका बहुत जिंदादिल और बातूनी थीं। उनके अंदर काफी उत्साह था। शुरुआत में घर में छोटी देवरानी का होना उन्हें अच्छा लगता था।
कई बार वह मेनका के कमरे से हंसी-मजाक की आवाज सुनकर वहां पहुंच जाती थीं। इसके बाद वह भी उनके साथ बैठतीं और उनकी दोस्तों तथा किताबों से जुड़ी बातें सुनती थीं।
सोनिया की बेटी प्रियंका गांधी भी अक्सर अपनी चाची मेनका के कमरे में बैठती थीं। वह मेनका की सुनाई कहानियों को बड़े ध्यान से सुनती थीं।
हालांकि, कुछ समय बाद घर का माहौल बदलने लगा और परिवार के सदस्यों के बीच तनाव बढ़ने लगा।
'बहुरानी' और 'छोटी बहू' कहने से शुरू हुई दूरी
सोनिया गांधी के मुताबिक, परिवार में दोनों बहुओं को बुलाने के तरीके को लेकर भी तनाव पैदा हुआ।
घर के कर्मचारी सोनिया को बड़ी बहू होने के कारण 'बहुरानी' कहते थे, जबकि संजय गांधी की पत्नी मेनका को 'छोटी बहू' कहकर बुलाया जाता था।
सोनिया का कहना है कि वह दोनों को परिवार की बराबर की बेटियां मानती थीं। लेकिन मेनका शायद 'छोटी बहू' कहे जाने को अपने लिए कम सम्मान के रूप में देखती थीं।
किताब में सोनिया ने लिखा है कि जब मेनका उनसे रूखे तरीके से बात करती थीं, तो वह घर की शांति बनाए रखने के लिए अक्सर चुप रहती थीं।
हालांकि, जब उन्हें लगता था कि बात हद से ज्यादा बढ़ रही है, तो वह भी कड़े शब्दों में जवाब देती थीं। धीरे-धीरे संजय और मेनका के बीच होने वाले झगड़े भी बढ़ने लगे।
सोनिया के मुताबिक, पहले दोनों के बीच होने वाली बहस बेडरूम तक सीमित रहती थी, लेकिन बाद में उनकी आवाजें पूरे घर में सुनाई देने लगीं।
उन्होंने यह भी लिखा कि नाराजगी में मेनका कई बार अपशब्दों का इस्तेमाल करती थीं।
यहां तक कि इंदिरा गांधी की मौजूदगी में भी ऐसा होता था। इससे संजय को शर्मिंदगी महसूस होती थी और परिवार के बाकी सदस्य भी हैरान रह जाते थे।
सोनिया ने यह भी माना कि एक युवा लड़की के लिए संयुक्त परिवार में रहना आसान नहीं रहा होगा। उनके मुताबिक, गांधी परिवार का माहौल मेनका को नीरस और बहुत ज्यादा नियमों से बंधा हुआ लगता था। परिवार का हर सदस्य अपने काम में व्यस्त रहता था।
मेनका गांधी के प्रभाव से संजय और राजीव के रिश्तों में आई कड़वाहट
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में दावा किया है कि मेनका का संजय पर प्रभाव बढ़ने के साथ उनके और राजीव गांधी के रिश्तों में भी दूरी आने लगी थी। सोनिया के अनुसार, दोनों भाई पहले एक-दूसरे के बेहद करीब थे, लेकिन बाद में उनके संबंधों में कड़वाहट आ गई।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।