
तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव अब आधिकारिक रूप ले चुका है। अभिनेता से नेता बने जोसेफ विजय चंद्रशेखर ने मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालते ही अपने इरादे साफ कर दिए हैं। सत्ता संभालने के कुछ ही घंटों के भीतर उन्होंने जनता से किए गए चुनावी वादों को लागू करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए। मुख्यमंत्री बनते ही विजय ने पहली फाइल पर हस्ताक्षर कर घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा कर दी।
इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एक विशेष सुरक्षा बल गठित करने वाली फाइल को भी मंजूरी दी। विजय के इन फैसलों को तमिलनाडु में नई राजनीति और नए शासन मॉडल की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद विजय ने अपने पहले संबोधन में भावुक अंदाज में जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह किसी राजनीतिक परिवार या शाही खानदान से नहीं आते, बल्कि एक साधारण परिवार से निकलकर यहां तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा, “मैं एक गरीब सहायक निर्देशक का बेटा था। सिनेमा में जगह बनाने का सपना लेकर निकला था, लेकिन तमिलनाडु की जनता ने मुझे मुख्यमंत्री बना दिया। मेरे पास लोगों के इस प्यार का धन्यवाद करने के लिए शब्द नहीं हैं।” विजय ने जनता से भरोसा बनाए रखने और उन्हें काम करके दिखाने के लिए समय देने की अपील भी की।
यह भी पढ़ें: Dream 11 से 1 करोड़ जीता था बदायूं का नीरज, ससुराल में संदिग्ध हालात में मिली लाश
चुनाव प्रचार के दौरान टीवीके प्रमुख विजय ने घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का वादा किया था। मुख्यमंत्री बनते ही उन्होंने इसी वादे को सबसे पहले लागू करने का फैसला लिया। राज्य के लाखों मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों को इस योजना से राहत मिलने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि यह फैसला सीधे तौर पर आम जनता को आर्थिक राहत देने की दिशा में बड़ा कदम साबित हो सकता है।
सीएम विजय ने साफ किया कि उनकी सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतेगी। इसी दिशा में उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षा बल बनाने वाली फाइल पर भी हस्ताक्षर किए। तमिलनाडु में हाल के वर्षों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई मुद्दे उठते रहे हैं। ऐसे में विजय सरकार का यह कदम राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर अहम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री विजय ने पिछली DMK सरकार पर तमिलनाडु को भारी कर्ज में डुबाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि राज्य पर 10 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार जल्द ही राज्य की वित्तीय स्थिति पर एक ‘श्वेत पत्र’ जारी करेगी, ताकि जनता को वास्तविक आर्थिक हालात की जानकारी मिल सके और शासन में पारदर्शिता बनी रहे। विजय ने कहा, “हम झूठे वादे करके लोगों को गुमराह नहीं करेंगे। सरकार में सत्ता का केवल एक ही केंद्र होगा और उसकी पूरी जवाबदेही जनता के प्रति होगी।”
सरकार गठन के बाद विजय ने कांग्रेस, VCK और वामपंथी दलों का विशेष धन्यवाद किया। इन दलों के समर्थन से ही टीवीके को बहुमत का आंकड़ा हासिल हुआ। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में अब सच्चे धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय आधारित शासन की शुरुआत हो रही है। विजय ने यह भी कहा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार और नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
राजनीतिक गलियारों में उस वक्त हलचल तेज हो गई जब विजय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सरकार में शामिल होने का प्रस्ताव दिया। हालांकि राहुल गांधी ने इस पर तुरंत कोई फैसला नहीं लिया और कहा कि पार्टी इस प्रस्ताव पर विचार करेगी। अगर कांग्रेस सरकार में शामिल होती है, तो तमिलनाडु की राजनीति में गठबंधन का नया समीकरण देखने को मिल सकता है।
फिल्मी पर्दे से राजनीति तक का सफर तय करने वाले विजय के सामने अब असली चुनौती प्रशासन और जनता की उम्मीदों को संभालने की है। शुरुआती फैसलों ने जरूर संकेत दे दिए हैं कि वह तेज फैसले लेने वाले नेता के तौर पर अपनी छवि बनाना चाहते हैं। अब तमिलनाडु की जनता की नजर इस बात पर रहेगी कि चुनावी वादों को जमीन पर उतारने में विजय सरकार कितनी सफल साबित होती है।
यह भी पढ़ें: Monkey Haircut: सैलून में रोज़ आता था बंदर, नाई ने कर दिया अनोखा हेयरकट, वीडियो वायरल
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।