
देश की बड़ी आईटी कंपनियों में से एक टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज़ (TCS) के नासिक ऑफिस से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने कॉर्पोरेट वर्क कल्चर पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। NDTV के अनुसार, एक महिला कर्मचारी ने आरोप लगाया है कि उसे ऑफिस की मुख्य बिल्डिंग से अलग छत पर अकेले काम करने के लिए मजबूर किया गया और उसके फोन व निजी सामान जब्त कर लिए जाते थे। यह मामला सामने आने के बाद पुलिस जांच तेज हो गई है और अब तक कई लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।
NDTV से बातचीत में महिला कर्मचारी ने बताया कि वह पिछले 6 साल से कंपनी में काम कर रही हैं। ट्रांसफर के बाद उन्हें नासिक ऑफिस में एक अलग ही स्थिति का सामना करना पड़ा। उनका कहना है कि उन्हें ऑफिस की मुख्य बिल्डिंग से अलग एक रूफटॉप एरिया में बैठाकर काम कराया जाता था। जब भी वह नीचे आती थीं, तो उनका फोन, बैग और अन्य निजी सामान “सिक्योरिटी” के नाम पर जब्त कर लिया जाता था। पीड़िता ने यह भी दावा किया कि ऑफिस में कई युवा कर्मचारियों, खासकर महिलाओं को निशाना बनाया जा रहा था और उन्हें मानसिक रूप से प्रभावित करने की कोशिश की जाती थी।
यह भी पढ़ें: Middle East Tensions: सीजफायर के बाद भी बढ़ा टकराव, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अमेरिका की बड़ी सैन्य तैनाती
महिला कर्मचारी के अनुसार, ऑफिस में 20 से 25 साल की युवतियों को आसान निशाना समझकर उनसे संपर्क किया जाता था। उन्होंने कहा कि अगर कोई शिकायत करने की कोशिश करता, तो माहौल ऐसा था कि HR तक जाने में भी डर लगता था। उन्होंने यह भी कहा कि अगर वह समय रहते बाहर नहीं निकलतीं, तो उनके साथ भी गंभीर घटना हो सकती थी। इस खुलासे के बाद उनके परिवार में भी डर और चिंता का माहौल है।
इसी बीच एक कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी ने भी बताया कि कुछ लोग पुरुष कर्मचारियों को हिंदू लड़कियों से दोस्ती और शादी करने के लिए उकसाते थे। इसके साथ ही धर्म परिवर्तन की बातें भी की जाती थीं और इसके बदले पैसे दिए जाने का भी दावा किया गया। हालांकि, इन आरोपों की जांच अभी जारी है और पुलिस हर पहलू को खंगाल रही है।
नासिक पुलिस के मुताबिक, इस मामले में फरवरी 2022 से मार्च 2026 के बीच मानसिक और यौन उत्पीड़न से जुड़ी 9 शिकायतें दर्ज हुई हैं। इनमें 8 महिला कर्मचारियों की शिकायत शामिल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है, जो सभी आरोपों की गहराई से जांच कर रही है।
पुलिस ने अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें HR मैनेजर भी शामिल हैं। आरोप है कि शिकायत करने पर कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती थी। जांच में यह भी सामने आया है कि एक आरोपी ने शादी का झांसा देकर एक महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए। वहीं, अन्य मामलों में छेड़छाड़, आपत्तिजनक टिप्पणियां और मानसिक उत्पीड़न के आरोप भी लगे हैं। एक महिला कर्मचारी अभी भी लापता बताई जा रही है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
इस पूरे मामले पर टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज़ ने आधिकारिक बयान जारी किया है। कंपनी ने कहा है कि वह किसी भी तरह के उत्पीड़न या दबाव को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करती। कंपनी के अनुसार, जिन कर्मचारियों पर आरोप हैं, उन्हें जांच पूरी होने तक सस्पेंड कर दिया गया है और स्थानीय प्रशासन के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है।
टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने इस घटना को “बेहद गंभीर और दुखद” बताया है। उन्होंने कहा कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़ें: लखनऊ के विकासनगर में आग का कहर! 200 झोपड़ियां जलकर राख, चारों तरफ चीख-पुकार
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।