बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़ी, अब क्या बोलीं शिवसेना नेता शाइना एनसी?

शाइना एनसी ने बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ने से उपजे विवाद के बाद अब उद्धव ठाकरे और कांग्रेस को घेरा है। उन्होंने सोनिया गांधी की किताब में वीर सावरकर पर अपमानजनक टिप्पणी को लेकर उद्धव ठाकरे गुट पर निशाना साधा।

Share this Video

शिवसेना (शिंदे गुट) नेता शायना एनसी ने बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ने के विवाद पर सफाई देते हुए माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे उनके परिवार के सदस्य जैसे थे और आज भी उनके लिए भगवान के समान हैं। उनके पिता और बालासाहेब ठाकरे के बीच दोस्ती से बढ़कर पारिवारिक रिश्ता था। बालासाहेब उन्हें अपनी बेटी की तरह मानते थे।


तस्वीर फाड़ने पर शायना एनसी ने मांगी माफी
शायना ने कहा कि उनका इरादा बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर का अपमान करना नहीं था। वह मणिशंकर अय्यर की तस्वीर में उनके चेहरे को फाड़ रही थीं। अगर अनजाने में ऐसा करने से किसी कट्टर शिवसैनिक की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वह माफी मांगती हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में अहंकार और घमंड की जगह नहीं होनी चाहिए। इतिहास में केवल दो हिंदू हृदय सम्राट हुए हैं- वीर सावरकर और बालासाहेब ठाकरे।


वीर सावरकर पर कांग्रेस और उद्धव गुट से मांगा जवाब
शायना एनसी ने इस विवाद के बीच कांग्रेस और उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट पर भी पलटवार किया। उन्होंने 'द बिलॉन्गिंग' (The Belonging) किताब के पेज नंबर 201 और 443 का जिक्र किया। शायना के मुताबिक, इन पन्नों में वीर सावरकर के लिए 'हिंदू फासीवादी' और RSS का जासूस जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने कहा कि जब सावरकर ने 1921 में अपनी पहली किताब लिखी थी, तब RSS का गठन भी नहीं हुआ था। इसकी स्थापना 1925 में हुई थी। उन्होंने सावरकर के 11 साल के कालापानी की सजा और देश की आजादी के लिए किए गए संघर्ष का भी जिक्र किया।


बालासाहेब की पुण्यतिथि पर कांग्रेस को घेरा
शायना ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बालासाहेब ठाकरे की पुण्यतिथि पर उनके लिए एक ट्वीट तक नहीं किया। उन्होंने इसे पार्टी की कथनी और करनी में अंतर बताते हुए कहा कि कांग्रेस की दिलचस्पी विचारधारा से ज्यादा सत्ता में है। उन्होंने एकनाथ शिंदे की सीख का जिक्र करते हुए कहा कि राजनीति लोगों और समाज के हित में होनी चाहिए, लेकिन विचारधारा और अपने नेताओं के सम्मान के मुद्दे पर संघर्ष से पीछे नहीं हटना चाहिए।

Related Video