
मुंबई से सटे ठाणे में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने कथित तौर पर अपने 37 साल के लिव-इन पार्टनर की हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव के टुकड़े-टुकड़े कर एक बोरे में भरा और किराए के फ्लैट के बाथरूम में फेंक दिया। वारदात को अंजाम देने के कुछ दिन बाद महिला कोलकाता भाग गई और वहां से मकान मालिक को एक वॉइस नोट भेजकर अपना गुनाह कबूल किया।
इस ऑडियो मैसेज से घबराकर मकान मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही मानपाडा पुलिस रविवार को कल्याण ईस्ट के मलंग रोड पर स्थित नीलकंठ सोसाइटी के फ्लैट पर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था, इसलिए पुलिस को दरवाजा तोड़ना पड़ा। अंदर बाथरूम में 37 साल के हमीदुल्ला इस्लाम की सड़ी-गली लाश मिली। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शव के टुकड़े कर एक बोरे में भरे हुए थे। पुलिस का अनुमान है कि हत्या करीब पांच-छह दिन पहले की गई होगी।
सोसाइटी में रहने वाले लोगों ने पिछले कुछ दिनों से बंद फ्लैट से बहुत बुरी बदबू आने की शिकायत की थी। शुरुआत में उन्हें लगा कि यह कचरे या ड्रेनेज की समस्या की वजह से हो रहा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला हसीबा, मृतक के साथ करीब डेढ़-दो महीने से इस किराए के फ्लैट में रह रही थी। सोसाइटी में काम करने वाले एक कर्मचारी ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया, "पहले हमें लगा कि बदबू कचरे या नाली की वजह से आ रही है। हम में से किसी ने सोचा भी नहीं था कि फ्लैट के अंदर एक लाश पड़ी हो सकती है।"
रिपोर्ट्स के अनुसार, हमीदुल्ला पर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया और फिर उसके शव के टुकड़े कर दिए गए। जांचकर्ताओं का मानना है कि आरोपी महिला ने फॉरेंसिक सबूत मिटाने और शव को जल्दी सड़ाने के लिए बाथरूम का नल लगातार खुला छोड़ दिया था।
भागने के बाद हसीबा ने मकान मालिक अजय पाटिल को जो वॉइस मेल भेजा, उसमें उसने दावा किया कि हमीदुल्ला उसे पुणे से कल्याण देह व्यापार के धंधे में बेचने के लिए लाया था और बाद में उसे जान से मारने की योजना बना रहा था। हसीबा ने कहा कि जब उसे इस साजिश का पता चला, तो उसने आत्मरक्षा में हमीदुल्ला की हत्या कर दी। उसने मकान मालिक से मृतक का अंतिम संस्कार करने की भी गुजारिश की।
पुलिस का कहना है कि वॉइस मेल में किए गए दावों की जांच की जा रही है। हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को पकड़ने के लिए एक टीम कोलकाता भेजी गई है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने फ्लैट से सबूत इकट्ठा किए हैं, जबकि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।