
Unnao Suicide Case: उत्तर प्रदेश के उन्नाव से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है. यहां एक महिला ने फंदे से लटककर अपनी जान दे दी. सुसाइड से ठीक पहले उसने अपने व्हाट्सऐप स्टेटस पर एक वीडियो लगाया था. इस वीडियो में महिला ने अपने जीवन के दर्द और अकेलेपन की बात कही थी. स्टेटस देखने के बाद परिजनों को जब इस बात का पता चला तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
यह मामला उन्नाव के सदर कोतवाली क्षेत्र के प्रियदर्शिनी नगर मोहल्ले का बताया जा रहा है. पुलिस के अनुसार महिला अपने घर में अकेली थी. परिजनों के मुताबिक पिछले कुछ सालों में उसके जीवन में लगातार दुखद घटनाएं हुईं. करीब एक साल पहले उसके माता-पिता की मौत हो गई थी. वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी, इसलिए पति आलोक के साथ मायके में ही रहने लगी थी.
यह भी पढ़ें: स्कूल स्टेज पर टॉवल में डांस करती छात्राएं! 15 सेकेंड के वीडियो ने इंटरनेट पर मचा दिया हंगामा
परिवार वालों ने बताया कि हाल ही में 2 मार्च को उसके पति की भी मौत हो गई थी. इस घटना के बाद महिला गहरे सदमे में चली गई थी. घर में तेरहवीं तक रिश्तेदारों का आना-जाना लगा रहा, इसलिए उस समय वह किसी तरह संभली रही. लेकिन जब रिश्तेदार वापस चले गए, तो उसे गहरा अकेलापन महसूस होने लगा.
अकेलेपन से परेशान होकर महिला ने अपने मोबाइल से एक वीडियो रिकॉर्ड किया. इस वीडियो में उसने अपने दिल की बात कही और जीवन के दर्द को साझा किया. वीडियो में महिला कहती है कि एक लड़की के जीवन में तीन सहारे होते हैं, मां, बाप और पति. लेकिन उसके पास अब इनमें से कोई भी नहीं बचा. उसने यह भी कहा कि लोग उसे दिलासा देते हैं कि आगे सब ठीक हो जाएगा, लेकिन उससे ज्यादा बुरा उसके लिए क्या हो सकता है.
महिला ने यह वीडियो अपने व्हाट्सऐप स्टेटस पर लगाया. इसके बाद उसने कमरे में पंखे से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली. कुछ समय बाद उसके चचेरे भाई निकेत ने जब स्टेटस देखा तो वह घबरा गया. उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी और खुद भी महिला के घर पहुंचा. लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी.
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि अचानक आने वाले दुख और अकेलेपन से जूझ रहे लोगों को समय पर सहारा और मदद मिलना कितना जरूरी है.
यह भी पढ़े: देवरिया में ‘ड्रैकुला गैंग’ का खौफ! बच्चों ने जो बताया, सुनकर पुलिस भी सन्न
Disclaimer: आत्महत्या किसी समस्या का हल नहीं है। अगर आपके मन में भी सुसाइड या खुद को चोट पहुंचाने जैसे ख्याल आ रहे हैं तो आप फौरन घर-परिवार, दोस्तों और साइकेट्रिस्ट की मदद ले सकते हैं। इसके अलावा आप इन हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल करके भी मदद मांग सकते हैं। आसरा (मुंबई) 022-27546669, सुमैत्री (दिल्ली) 011-23389090, रोशनी (हैदराबाद) 040-66202000, लाइफलाइन 033-64643267 (कोलकाता)। मानसिक तनाव होने पर काउंसलिंग के लिए हेल्पलाइन नंबर 14416 और 1800 8914416 पर संपर्क कर घर बैठे मदद पा सकते हैं।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।