मिस्र में एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेल टैंकर पलटने से लगी आग कई वाहनों में फैल गई। इसमें 30 लोगों की मौत हो गई। 15 लोग घायल हुए हैं। दमकल ने आग पर काबू पाया।
मिस्र में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया है। राजधानी काहिरा के पास गीजा की एक प्रमुख रिंग रोड पर पेट्रोलियम उत्पादों से भरा एक वाहन अचानक पलट गया। इसके बाद वाहन में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते आसपास मौजूद कई गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हुए हैं। मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस घटना की पुष्टि की है। हादसे के बाद घटनास्थल पर जली हुई बसें, मिनीबस और दूसरी गाड़ियों के मलबे बिखरे दिखाई दिए। दमकल की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब मिस्र में सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। आखिर कैसे एक वाहन के पलटने से इतना बड़ा अग्निकांड हो गया? देखिए हादसे की भयावह तस्वीरें।















