UP CM Face 2027: चुनाव में बीजेपी का मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा? केशव प्रसाद मौर्य के 'कमल' वाले बयान के बाद अब सीएम योगी ने बड़ी बात कह दी है। पढ़ें पूरा मामला।

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव अब धीरे-धीरे करीब आ रहा है और इसी के साथ राज्य की राजनीति में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर बहस भी तेज हो गई है। इस चर्चा की शुरुआत बुधवार, 25 नवंबर को जौनपुर से हुई, जब डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अगला सीएम चुने जाने को लेकर एक बड़ा बयान दिया। अब इस मामले पर खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना रुख साफ कर दिया है। लखनऊ में ABP न्यूज के कार्यक्रम में जब सीएम योगी से पूछा गया कि क्या 2027 के चुनाव में वे ही बीजेपी का मुख्यमंत्री चेहरा होंगे, तो उन्होंने कहा, 'कौन चेहरा है और कौन नहीं, यह सबको पता है। हर व्यक्ति जानता है।' आइए जानते हैं पूरा मामला और इसके सियासी मायने...

मेरे लिए कमल का फूल ही सब कुछ है- योगी

कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने खुद को पार्टी का एक आम कार्यकर्ता बताया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि बीजेपी में चुनाव किसी एक व्यक्ति के बजाय पार्टी के निशान पर लड़ा जाता है। योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'हम सभी को कमल के निशान पर चुनाव लड़ना है और मैं भी कमल के निशान पर ही चुनाव लड़ूंगा। हमारे लिए कमल ही सबकुछ है। पार्टी मुझे जो भी जिम्मेदारी देगी, मैं उसे पूरी ईमानदारी से निभाऊंगा।'

सीएम फेस को लेकर चर्चा की शुरुआत कहां से हुई?

दरअसल, बुधवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य जौनपुर के दौरे पर थे। वहां पत्रकारों ने उनसे 2027 के चुनाव में बीजेपी के सीएम फेस को लेकर सवाल पूछा था। इसके जवाब में केशव मौर्य ने जो कहा, उससे सियासी गलियारों में कई तरह के कयास लगने शुरू हो गए। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय बीजेपी का चेहरा सिर्फ 'कमल का फूल' होता है और पार्टी उसी के दम पर मैदान में उतरती है। उन्होंने आगे कहा कहा कि अभी योगी आदित्यनाथ हमारे मुख्यमंत्री हैं, लेकिन 2027 में वे दोबारा सीएम बनेंगे या कोई और होगा, यह मैं तय नहीं कर सकता। चुनाव जीतने के बाद जो नए विधायक चुनकर आएंगे, वे दिल्ली से आए पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में मिल-बैठकर अपना नेता चुनेंगे। हालांकि, जब पत्रकारों ने दोबारा जोर देकर पूछा कि क्या वे योगी आदित्यनाथ का समर्थन करते हैं, तो केशव मौर्य ने तुरंत कहा- 'हां, बिल्कुल समर्थन करते हैं।'

सपा-कांग्रेस गठबंधन पर भी बोला हमला

जौनपुर में केशव प्रसाद मौर्य ने सिर्फ अपनी पार्टी के सिस्टम पर ही बात नहीं की, बल्कि विपक्ष को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने सपा, कांग्रेस और बसपा को 'प्राइवेट लिमिटेड' पार्टियां बताते हुए कहा कि वहां सब कुछ एक परिवार या व्यक्ति तय करता है, जबकि बीजेपी एक लोकतांत्रिक तरीके से चलती है। सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के तालमेल पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि इन दोनों दलों ने एक-दूसरे की हैसियत दिखा दी है। मौर्य ने दावा किया कि विपक्ष चाहे मिलकर लड़े या अलग-अलग, यूपी में 2047 तक बीजेपी की सरकार को कोई हिला नहीं सकता, क्योंकि 60 प्रतिशत वोट बीजेपी के साथ है।

2027 में कौन बनेगा यूपी का मुख्यमंत्री? Keshav Maurya ने साफ कर दिया BJP का फॉर्मूला! | UP Politics

दोनों बयानों के मायने क्या हैं?

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दोनों नेताओं के बयानों के मायने एक ही है कि संगठन और चुनाव चिह्न 'कमल' को सबसे ऊपर रखना। जहां केशव प्रसाद मौर्य ने पार्टी की संवैधानिक प्रक्रिया यानी विधायक दल की बैठक का हवाला दिया, वहीं सीएम योगी ने यह कहकर कि 'सबको पता है चेहरा कौन है', कार्यकर्ताओं और जनता के बीच किसी भी तरह के भ्रम को खत्म करने की कोशिश की है।

आपकी क्या राय है?

2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में बीजेपी को सीएम योगी आदित्यनाथ के चेहरे पर चुनाव लड़ना चाहिए या फिर सिर्फ 'कमल के निशान' पर? नीचे कमेंट बॉक्स में अपनी राय जरूर लिखें। अगर आपको यह जानकारी पसंद आई हो, तो इसे अपने दोस्तों और वॉट्सऐप ग्रुप्स में शेयर करें।