
उत्तर प्रदेश विधानसभा में बजट 2026-27 पेश करते हुए वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने शेर-ओ-शायरी के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने योगी सरकार के कार्यों, विकास मॉडल और कानून व्यवस्था की सराहना करते हुए सदन में काव्यात्मक अंदाज से माहौल बांध दिया। साथ ही पिछली सरकारों के कार्यकाल पर भी तंज कसा।
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बजट भाषण के दौरान उत्तर प्रदेश में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि योगी सरकार के कामों ने प्रदेश की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए शेर पढ़ा-
काबिले तारीफ है, अंदाज एक-एक काम का
गा रहा है गीत यूपी, योगी जी के नाम का।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार के कार्यों की सराहना देशभर में हो रही है और उत्तर प्रदेश विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।
सुरेश खन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने कार्यकाल के पहले दिन से ही हर वर्ग और हर क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर परिश्रम किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री के संकल्प को शेर के रूप में पेश किया-
यही जुनून, यही ख्वाब मेरा है
दिया जला के रोशनी कर दूं, जहां अंधेरा है।
उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था, बुनियादी ढांचा और निवेश के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ने नई पहचान बनाई है।
वित्त मंत्री ने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में आधुनिक तकनीक और सूचना प्रौद्योगिकी के तेजी से विस्तार का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जल्द ही देश के प्रमुख आईटी हब के रूप में उभरेगा। सरकार की मेहनत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा-
सितारा बनके आसमां में वही चमकते हैं
डुबो देते हैं जो अपने आपको पसीने में।
सुरेश खन्ना ने पिछली सरकारों के समय सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों की उपेक्षा का जिक्र करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने इनके पुनरुत्थान का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा मिलने से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर भी सृजित हुए हैं। उन्होंने बदलाव को इन शब्दों में व्यक्त किया-
ये अलग बात है तुम ना बदलो मगर जमाना बदल रहा है,
गुलाब पत्थर पे खिल रहे हैं, चिराग आंधियों में जल रहे हैं।
वित्त मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सर्वसमावेशी विजन का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं, बच्चों, श्रमिकों और समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बदलाव की प्रक्रिया को इस शेर से व्यक्त किया-
बड़ी मुश्किल से कोई सुबह मुस्कुराती है,
गम की हर शाम दबे पांव चली जाती है।
वक्त लगता ही नहीं जिंदगी बदलने में,
पर बदलने में वक्त, जिंदगी लग जाती है।
अपने भाषण के अंत में सुरेश खन्ना ने सुरक्षित, स्वस्थ और खुशहाल समाज की परिकल्पना रखी। उन्होंने कहा कि सरकार की कार्यशैली जनकल्याण की भावना से प्रेरित है। उन्होंने अंतिम शेर पढ़ते हुए कहा-
बात अनमोल बहुत है ये जिंदगी के लिए,
बता रहा हूं फलसफा मैं हर किसी के लिए।
पोंछ सकते हो तो दुखियों के पोंछ लो आंसू,
न जियें आप फकत अपनी ही खुशी के लिए।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।