
उत्तर प्रदेश की राजनीति में रविवार का दिन बेहद अहम रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में लंबे समय से चर्चा में चल रहे कैबिनेट विस्तार पर आखिरकार मुहर लग गई। राजधानी लखनऊ के लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आठ नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई। इस विस्तार को सिर्फ मंत्रिमंडल में फेरबदल नहीं, बल्कि 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की नई सामाजिक और राजनीतिक रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है।
रविवार को आयोजित समारोह में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। शपथ लेने वालों में भूपेन्द्र चौधरी, कृष्णा पासवान, हंसराज विश्वकर्मा, मनोज पांडे, कैलाश राजपूत और सुरेंद्र दिलेर को नए मंत्री के रूप में शामिल किया गया। इसके अलावा सोमेंद्र तोमर और अजीत सिंह पाल को प्रमोशन देते हुए नई जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक यह विस्तार क्षेत्रीय और जातीय संतुलन को ध्यान में रखकर किया गया है।
योगी सरकार के इस विस्तार में सामाजिक समीकरणों का खास ध्यान रखा गया है। नए मंत्रियों में एक ब्राह्मण, तीन ओबीसी और दो दलित चेहरों को जगह दी गई है। माना जा रहा है कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले हर वर्ग को साधने की रणनीति पर काम कर रही है। विशेष रूप से दलित और पिछड़ा वर्ग को प्रतिनिधित्व देकर पार्टी ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वह सामाजिक संतुलन के जरिए अपने जनाधार को और मजबूत करना चाहती है। वहीं ब्राह्मण चेहरे को शामिल कर पार्टी ने उस वर्ग को भी संदेश देने की कोशिश की है, जिसे लेकर पिछले कुछ समय से चर्चाएं चल रही थीं।
कैबिनेट विस्तार की चर्चाएं तब तेज हो गई थीं जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक दिन पहले राजभवन जाकर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की थी। इसके बाद से ही राजनीतिक गलियारों में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज हो गई थीं। अब इस विस्तार के बाद साफ माना जा रहा है कि भाजपा संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर 2027 की तैयारी में जुट चुकी है। पार्टी आने वाले समय में क्षेत्रीय नेताओं और सामाजिक समीकरणों को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा सकती है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कैबिनेट विस्तार केवल प्रशासनिक जरूरत नहीं, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीतिक तैयारी है। भाजपा यूपी में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी का लक्ष्य लेकर चल रही है और ऐसे में संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ सामाजिक प्रतिनिधित्व को बढ़ाना उसकी प्राथमिकता बन गया है। योगी सरकार के इस कदम से विपक्षी दलों की रणनीति पर भी असर पड़ सकता है। आने वाले महीनों में यूपी की राजनीति में नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में शुरू हुआ ‘विजय युग’, पहले दिन एक्शन, विजय ने लिए बड़े फैसले, जानिए सब कुछ
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।