
वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज (यूपी कॉलेज) में बीएससी छात्र सूर्य प्रताप सिंह की दिनदहाड़े हत्या के बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं। शुक्रवार को हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद कॉलेज परिसर में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा और माहौल हिंसक हो गया।
गुस्साए छात्रों ने कॉलेज के तीन शिक्षकों को निशाना बनाते हुए उनके साथ मारपीट कर दी। इस दौरान एक शिक्षक का सिर फट गया, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस को सुरक्षा घेरा बनाकर शिक्षकों और कर्मचारियों को कैंपस से बाहर निकालना पड़ा।
घटना के बाद आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज परिसर में खड़ी कई गाड़ियों को भी नहीं बख्शा। उपद्रवी छात्रों ने करीब एक दर्जन वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। कॉलेज के मुख्य गेट पर छात्रों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों की मांग है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और पूरे मामले में कड़ी कार्रवाई हो।
यह भी पढ़ें: कौन था सूर्य प्रताप सिंह? जिसको वाराणसी में दिनदहाड़े फायरिंग कर उतार दिया मौत के घाट
शुक्रवार सुबह यूपी कॉलेज परिसर में बीएससी के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सूर्य प्रताप मूल रूप से गाजीपुर जिले के रहने वाले थे और कॉलेज में बीएससी चौथे सेमेस्टर के छात्र थे। बताया जा रहा है कि कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय परिसर में किसी मामूली विवाद के बाद आरोपी छात्र ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। घायल हालत में सूर्य प्रताप को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वह अपनी पिस्टल और कारतूस घटनास्थल पर ही फेंककर बाइक से भाग निकला। घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई और छात्रों में डर और गुस्से का माहौल बन गया।
वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी की पहचान मंजीत के रूप में हुई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 6 टीमें अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही हैं। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंचकर सबूत जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) शिवहरि मीणा के मुताबिक दो छात्रों के बीच हुई कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया और मामला हत्या तक पहुंच गया। घटना के बाद छात्रों के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए पूरे कॉलेज परिसर को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है। कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और छात्रों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उधर, कॉलेज में बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। सूर्य प्रताप सिंह की हत्या के बाद यह मामला अब सिर्फ एक क्राइम केस नहीं रहा, बल्कि पूरे कॉलेज कैंपस की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर रहा है।
यह भी पढ़ें: प्रिंसिपल के सामने क्यों मारी गईं सूर्य प्रताप सिंह को 8 गोलियां? वाराणसी कॉलेज मर्डर की पूरी कहानी
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।