
उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर ज़िले में एक दिहाड़ी मजदूर के होश तब उड़ गए, जब उसे 17,40,12,207 रुपये का इनकम टैक्स नोटिस मिला. ज़िंदगी में पहली बार इतनी बड़ी रकम लिखी देख वह हैरान रह गया. उसका कहना है कि वह तो छोटी-मोटी कमाई से किसी तरह अपना परिवार चला रहा है. अब इस नोटिस की वजह से काम पर भी नहीं जा पा रहा और खुद को बेकसूर साबित करने के लिए दफ्तरों के चक्कर काट रहा है.
यह मामला संत नगर के कन्हईपुर इलाके में रहने वाले दिहाड़ी मजदूर शिवधानी का है. शिवधानी पहले सोनभद्र ज़िले के घोरावल में एक बैटरी की दुकान पर काम करते थे. उन्होंने बताया कि करीब 8 साल तक उन्होंने वहां बैटरी लोड करने और उतारने का काम किया. उसी दौरान दुकान के मालिक ने सैलरी बैंक में डालने की बात कहकर उनके नाम पर कोटक महिंद्रा बैंक और उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक में दो खाते खुलवाए थे. लेकिन, उन्हें सैलरी कभी भी बैंक अकाउंट में नहीं मिली, हमेशा कैश में ही दी गई.
शिवधानी ने बताया कि आठ साल बाद, मालिक ने बिजनेस में घाटे की बात कहकर उन्हें नौकरी से निकाल दिया. इसके बाद वह काम की तलाश में मुंबई चले गए. पिछले छह महीनों से मिर्ज़ापुर में उनके घर पर इनकम टैक्स के नोटिस आने लगे. पहले तो उन्हें कुछ समझ नहीं आया. जब पता चला कि यह टैक्स भरने का नोटिस है, तो वह अपने पुराने मालिक के पास गए. मालिक ने नोटिस रखकर कार्रवाई करने का भरोसा दिया, लेकिन नोटिस आने का सिलसिला बंद नहीं हुआ. इसी बीच एक दिन इनकम टैक्स विभाग की टीम उनके घर पहुंच गई.
इनकम टैक्स अधिकारियों के घर आने पर शिवधानी को पता चला कि उनके बैंक अकाउंट से करोड़ों का लेनदेन हुआ है और इसी वजह से उन्हें 17,40,12,207 रुपये का टैक्स भरने का नोटिस भेजा गया है. शिवधानी का आरोप है कि जब उन्होंने अधिकारियों को बताया कि उन्हें इस बारे में कुछ नहीं पता, तो अधिकारियों ने उन्हें यह बात किसी और को न बताने की धमकी दी. शिवधानी का कहना है कि उनके पास अपनी कोई ज़मीन नहीं है और वह सरकारी ज़मीन पर बने एक अधूरे मकान में रहते हैं. उनकी महीने की कमाई सिर्फ 8,000 रुपये है, जिससे वह परिवार का पेट पालते हैं. परेशान होकर उन्होंने पुलिस सुपरिटेंडेंट (SP) से शिकायत की है. न्यूज़ 18 की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने मजदूर की शिकायत पर आरोपी मालिक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है.
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।