
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को आगामी पर्व-त्योहारों, उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा और अन्य महत्वपूर्ण आयोजनों को ध्यान में रखते हुए कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 13 मार्च को अलविदा की नमाज, 14 और 15 मार्च को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा सब-इंस्पेक्टर और समकक्ष पदों की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके अलावा 19 मार्च से चैत्र नवरात्र शुरू होंगे और 20–21 मार्च को ईद-उल-फितर मनाए जाने की संभावना है। इन सभी आयोजनों को देखते हुए यह अवधि कानून-व्यवस्था की दृष्टि से बेहद संवेदनशील है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का पालन करें और सुनिश्चित करें कि सभी धार्मिक और सार्वजनिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हों।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी धार्मिक कार्यक्रम के कारण आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि समाज-विरोधी या राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों के प्रति ज़ीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाए और ऐसे मामलों में तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने 14 और 15 मार्च को होने वाली एसआई भर्ती परीक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। यह परीक्षा प्रदेश के 1090 परीक्षा केंद्रों पर चार पालियों में आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के लिए 15 लाख 75 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के दूसरे जिलों से आने की संभावना को देखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कहीं भी जाम या अव्यवस्था की स्थिति न बने। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता से निभाएं।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि इंटेलिजेंस तंत्र पूरी तरह सक्रिय और सतर्क रहे। परीक्षा से पहले सभी जिलों में व्यवस्थाओं का पूर्वाभ्यास कराया जाए और सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना का तुरंत खंडन किया जा सके। इसके अलावा उन्होंने निर्देश दिया कि हर परीक्षा केंद्र के बाहर पीआरवी-112 की गाड़ी अनिवार्य रूप से तैनात रहे। जिला प्रशासन भर्ती बोर्ड के साथ समन्वय बनाकर परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराए।
मुख्यमंत्री ने चैत्र नवरात्र की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि देवीपाटन मंदिर (बलरामपुर), शाकुम्भरी देवी (सहारनपुर), मां विंध्यवासिनी धाम (मीरजापुर) और ललिता देवी (सीतापुर) सहित प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसके अलावा अयोध्या में 27 मार्च को श्रीरामनवमी के अवसर पर देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन, पेयजल, स्वच्छता और भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नवरात्र के दौरान नगरों और गांवों में मंदिरों तथा धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त स्वच्छताकर्मियों की तैनाती की जाए। पुलिस को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार प्रभावी भीड़ प्रबंधन और फुट पेट्रोलिंग की कार्ययोजना लागू करने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मीरजापुर, बलरामपुर, सीतापुर, अयोध्या, मथुरा और सहारनपुर के जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों से तैयारियों की जानकारी भी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 19 मार्च को माननीय राष्ट्रपति का अयोध्या और मथुरा दौरा प्रस्तावित है। इसे देखते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा और प्रोटोकॉल व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में मुख्यमंत्री ने हाल ही की वैश्विक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि फिलहाल प्रदेश में कहीं भी पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।
मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो। कहीं भी घबराहट या कृत्रिम संकट की स्थिति पैदा नहीं होने दी जाए। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में जाकर निरीक्षण करने और जमाखोरी तथा कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। यदि कहीं भी अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
यह समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, अपर पुलिस महानिदेशक (जोन), पुलिस आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक (रेंज), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक सहित शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।