संभल में अखिलेश यादव ने क्यों पूछा लक्स साबुन और तेल का रेट? जानें क्यों बोले- 'जा रही योगी की कुर्सी'

Published : Nov 28, 2026, 05:08 PM IST
Akhilesh Yadav

सार

UP Politics: संभल में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने साबुन और तेल का रेट पूछकर महंगाई पर BJP सरकार को घेरा। उन्होंने ये भी कहा कि CM योगी की कुर्सी जाने वाली है।

Akhilesh Yadav Sambhal: शनिवार को संभल पहुंचे समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में आम आदमी की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े सवाल पूछकर सियासी पारा चढ़ा दिया। अखिलेश ने पत्रकारों से लक्स साबुन, लाइफबॉय साबुन और सरसों के तेल का पुराना (2014) और आज का (2026) भाव पूछते हुए केंद्र की मोदी सरकार और यूपी की योगी सरकार पर जोरदार हमला बोला। इसके साथ ही सपा प्रमुख ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश का चुनाव हार रही है और इसी घबराहट में जनता का ध्यान भटकाने के लिए परिसीमन (Delimitation) का नया दांव चल रही है।

कमल मुरझा गया है, योगी जी की कुर्सी जाने वाली है- अखिलेश यादव

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सीधा निशाना साधते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि बीजेपी का कमल अब मुरझा चुका है, इसलिए उन्हें 'राधे-राधे कमल खिला दे' जैसे नारे देने पड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सीएम योगी की कुर्सी जाने वाली है और जनता अब उनसे पिछले सालों का हिसाब मांगेगी। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में बड़े-बड़े इन्वेस्टमेंट के दावे किए गए, लेकिन जमीन पर एक भी नया बिजली कारखाना नहीं लगा। किसानों की समस्या उठाते हुए उन्होंने चुटकी ली कि सरकार किसानों को DAP खाद इसलिए नहीं दे पा रही है, क्योंकि खाद के नाम (DAP) में ही 'PDA' छिपा हुआ है।

महिला आरक्षण के बहाने 50% सीटें बढ़ाने का खेल

परिसीमन (Delimitation Bill) और महिला आरक्षण के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने बीजेपी की नीयत पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण के पूरी तरह पक्ष में है, बस इसमें पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) वर्ग की महिलाओं का हक नहीं छिनना चाहिए। लेकिन सरकार इसे लागू करने के बहाने लोकसभा की 50% सीटें बढ़ाने और चुनाव क्षेत्रों की सीमाएं बदलने की तैयारी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जैसे असम और जम्मू-कश्मीर में सीटों का गणित बदला गया, वैसे ही बीजेपी पूरे देश की लोकसभा सीटों को अपने हिसाब से ढालना चाहती है ताकि वह कभी सत्ता से बाहर न हो।

'1 इंच जमीन पर मर्डर हो जाता है, अभी भारत का क्षेत्रफल बताएं'

देश की सुरक्षा और अर्थव्यवस्था के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए अखिलेश यादव ने बेहद तीखे सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि हमारे गांव-देहात में अगर खेत की मेड़ 1 इंच भी कट जाए तो लड़ाई-झगड़े और मर्डर तक हो जाते हैं, लेकिन जो लोग विश्व गुरु बनने की बात करते हैं, वे ये नहीं बता पा रहे कि 2014 में भारत का क्षेत्रफल कितना था और आज 2026 में कितना बचा है। चीन ने हमारी सीमाओं पर कब्जा कर लिया है और हमारे बाजारों को अपने सामान से भर दिया है।

नोटबंदी और महंगाई की मार

अखिलेश ने कहा कि नोटबंदी से अर्थव्यवस्था चौपट हो गई, कई बैंक डूब गए और सरकार को 18 लाख करोड़ रुपS बट्टे खाते में डालने पड़े। आज न युवाओं के पास नौकरी है, न किसानों की आय दोगुनी हुई और न ही आलू की सही खरीद हो रही है। गंगा एक्सप्रेसवे समेत प्रदेश में बने अन्य एक्सप्रेसवे पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने अब तक जितने भी एक्सप्रेसवे बनाए हैं, वे सब घोटाले के एक्सप्रेसवे हैं।

'2014 में लक्स साबुन और सरसों तेल कितने का था?'

महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए अखिलेश यादव ने सवाल किया कि 'आप सब लोग लक्स साबुन तो इस्तेमाल करते ही होंगे? जरा बताइए 2014 में लक्स साबुन कितने रुपए का आता था? लाइफबॉय साबुन कितने का था और कपड़े धोने वाला साबुन किस भाव मिलता था? आज उनकी कीमत क्या हो गई है?' इतना ही नहीं, उन्होंने रसोई के बजट का जिक्र करते हुए पूछा कि सरसों के तेल की कीमत 2014 में क्या थी और आज 2026 में किस भाव बिक रहा है? अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन आय तो बढ़ी नहीं, उल्टा आलू तक की सही खरीद नहीं हो रही और रोजमर्रा की हर चीज आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गई है।

इस बार चुनाव में पीडीए सबसे आगे- अखिलेश

अपने भाषण के अंत में उन्होंने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की ताकत पर जोर देते हुए कहा कि कुछ लोग जो गरीबों को आगे बढ़ते नहीं देख सकते, वे कहते हैं कि लाइन वहीं से शुरू होगी जहां वे खड़े होंगे, लेकिन इस बार पीडीए समाज ने तय कर लिया है कि लाइन में सबसे आगे वही खड़ा होगा और जनता को परेशान करने वाले लोग खुद लाइन से बाहर हो जाएंगे।

आपकी क्या राय है?

क्या आपको भी लगता है कि 2014 के मुकाबले आज रोजमर्रा की चीजों जैसे साबुन, तेल, बिजली की महंगाई ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है या आप सरकार के कामकाज से संतुष्ट हैं? नीचे कमेंट बॉक्स में अपनी राय जरूर लिखें और इस खबर को अपने दोस्तों के साथ शेयर करें!

PREV

Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Delimitation Controversy: 850 सीटों से सत्ता पर कब्जे का प्लान! Kharge ने बिल में बताई बड़ी खामी
Punjab State Lottery Result 28 November 2026: आज का पंजाब लॉटरी रिजल्ट, कौन जीता ₹21 लाख का फर्स्ट प्राइज? देखें लिस्ट