
Donald Trump Power: अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के नतीजे हैरान करने वाले रहे। नतीजों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा, जिससे माना जा रहा है कि अब आगे के सालों में डोनाल्ड ट्रंप के लिए राजनीति की राह आसान नहीं होगी। संसद में उन्हें बार-बार विरोध का सामना करना पड़ सकता है। लेकिन क्या सच में अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में हार का मतलब राष्ट्रपति की शक्तियां सीमित होना है? जवाब है पूरी तरह नहीं! अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में हार का मतलब यह नहीं है कि राष्ट्रपति की सारी ताकत खत्म हो गई। डोनाल्ड ट्रम्प की राजनीति को समझने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति के संवैधानिक अधिकारों को समझना जरूरी है। दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति के पास कुछ ऐसी शक्तियां हैं, जिनका इस्तेमाल वह संसद में विरोध बढ़ने या चुनाव में झटका लगने के बावजूद कर सकता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि राष्ट्रपति कानून से ऊपर है या उसे मनमानी करने की खुली छूट मिली हुई है। जानिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास कौन से पावर हैं, जो उन्हें कमजोर नहीं पड़ने देते। नीचे देखें वीडियो-
ट्रम्प ने 2026 के मिडटर्म चुनाव से पहले CBS News को दिए इंटरव्यू में राष्ट्रपति की वीटो पावर को अपनी सबसे बड़ी शक्ति बताया था। इसका मतलब है कि अमेरिकी संसद यानी कांग्रेस के दोनों सदन किसी बिल को पास कर दें, तब भी राष्ट्रपति उस पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर सकता है। राष्ट्रपति के वीटो को खत्म करने के लिए प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों में दो-तिहाई बहुमत जरूरी है। यानी साधारण बहुमत से डेमोक्रेट्स ट्रम्प की मर्जी के खिलाफ कानून नहीं बना पाएंगे।
ये भी पढ़ें- ट्रंप के बाद कौन? अमेरिका में क्यों 39 साल के जॉन ओसॉफ की चर्चा, कह रहे जिन्हें नेक्स्ट ओबामा?
अमेरिकी राष्ट्रपति एग्जीक्यूटिव ऑर्डर जारी कर सकता है। इसके जरिए वह सरकारी विभागों और एजेंसियों को निर्देश दे सकता है कि मौजूदा कानूनों को कैसे लागू करना है। ट्रम्प इसका इस्तेमाल अपनी नीतियों को आगे बढ़ाने में कर सकते हैं। लेकिन एग्जीक्यूटिव ऑर्डर कोई नया कानून नहीं होता। इसे अदालत में चुनौती दी जा सकती है और अगला राष्ट्रपति इसे बदल या रद्द भी कर सकता है।
अमेरिकी राष्ट्रपति देश की सेना का कमांडर-इन-चीफ होता है। यानी सेना की सर्वोच्च कमान उसके पास होती है। वह सैन्य अभियानों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कई अहम फैसले ले सकता है। हालांकि, युद्ध घोषित करने का संवैधानिक अधिकार अमेरिकी कांग्रेस के पास है। इसलिए राष्ट्रपति की सैन्य ताकत भी पूरी तरह असीमित नहीं है।
राष्ट्रपति के पास संघीय यानी फेडरल अपराधों में दोषी लोगों को माफी देने और सजा कम करने का अधिकार है। इस मामले में उसकी शक्ति काफी व्यापक है। लेकिन वह राज्य के कानूनों के तहत हुई सजा को माफ नहीं कर सकता और न ही महाभियोग के मामलों में इस अधिकार का इस्तेमाल कर सकता है।
ट्रम्प अपनी सरकार में कैबिनेट मंत्रियों, राजदूतों, संघीय एजेंसियों के प्रमुखों और जजों की नियुक्ति कर सकते हैं। हालांकि, कई अहम नियुक्तियों के लिए सीनेट की मंजूरी जरूरी होती है। डेमोक्रेट्स के पास सीनेट का नियंत्रण होने से ट्रम्प के लिए अपनी पसंद के अधिकारियों को नियुक्त करना मुश्किल हो सकता है।
ये भी पढ़ें- Trump का Game बिगाड़ गया Iran War! अब Mr VETO से मचाएंगे तबाही । US Midterm Election Results
बिल्कुल ऐसा नहीं है। 2026 के मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेट्स ने प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों में जीत दर्ज कर ट्रम्प को बड़ा राजनीतिक झटका दिया है। जनवरी 2027 में नया कांग्रेस सत्र शुरू होने के बाद डेमोक्रेट्स सरकारी फैसलों की जांच कर सकते हैं, अधिकारियों को जवाबदेह बना सकते हैं, बजट पर दबाव डाल सकते हैं और महाभियोग की प्रक्रिया भी शुरू कर सकते हैं। हालांकि, राष्ट्रपति को पद से हटाने के लिए सीनेट में दो-तिहाई समर्थन चाहिए।
यानी असली बात यह है कि चुनाव में हारने से ट्रम्प की राष्ट्रपति वाली शक्तियां खत्म नहीं होंगी। उनका कार्यकाल जनवरी 2029 तक है। लेकिन अब उन्हें हर बड़े फैसले पर राजनीतिक विरोध, संसदीय जांच और कानूनी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। उनके पास वीटो का हथियार जरूर है, लेकिन अमेरिकी लोकतंत्र में राष्ट्रपति भी संविधान और कानून से बंधा होता है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।