
कभी अत्यधिक जनसंख्या और पिछड़ेपन की चर्चा में रहने वाला उत्तर प्रदेश आज एक नए मोड़ पर खड़ा है। बीते कुछ वर्षों में प्रदेश ने जिस रफ्तार से इंफ्रास्ट्रक्चर, कानून व्यवस्था और निवेश के मोर्चे पर काम किया है, उसने इसकी छवि बदल दी है। अब लक्ष्य साफ है—1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था।
हाल ही में सिंगापुर और जापान दौरे से लौटे मुख्यमंत्री योगी ने इसे “विश्वास और अवसर का नया अध्याय” बताया। उनके मुताबिक यह दौरा केवल निवेश जुटाने का कार्यक्रम नहीं था, बल्कि उत्तर प्रदेश के बदलते विकास मॉडल को दुनिया के सामने रखने का मौका था।
सरकार की ओर से बताया गया कि इस दौरे में 60 से ज्यादा उच्चस्तरीय बैठकें हुईं। सरकार-से-सरकार, सरकार-से-व्यवसाय और उद्योग-से-उद्योग स्तर पर संवाद हुए। जापान में करीब 90 हजार करोड़ रुपये के एमओयू और लगभग 1.5 लाख करोड़ रुपये तक के निवेश प्रस्ताव सामने आए। सिंगापुर में 60 हजार करोड़ रुपये के एमओयू और करीब 1 लाख करोड़ रुपये तक के प्रस्ताव मिले। कुल मिलाकर 2.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश प्रस्तावों को प्रदेश सरकार “ब्रांड यूपी” पर वैश्विक भरोसे की मुहर मान रही है। मुख्यमंत्री का कहना है कि उत्तर प्रदेश अब सिर्फ संभावनाओं का प्रदेश नहीं, बल्कि क्रियान्वयन की क्षमता वाला राज्य बन चुका है।
यह भी पढ़ें: न 1 जनवरी, न रविवार की छुट्टी! ईरान का कैलेंडर और वीकेंड सिस्टम है दुनिया से अलग!
किसी भी निवेश का पहला आधार आंकड़े नहीं, बल्कि विश्वास होता है। पिछले वर्षों में कानून व्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर और सेक्टोरल नीतियों में किए गए बदलावों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है। एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, डिफेंस कॉरिडोर, डेटा सेंटर नीति, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक्स हब जैसे प्रोजेक्ट्स को सरकार इस बदलाव की नींव बता रही है। मुख्यमंत्री का कहना है कि राष्ट्रीय नेतृत्व की वैश्विक साख और प्रदेश की प्रशासनिक दृढ़ता ने निवेशकों को आश्वस्त किया है कि यहां नीतियां स्थिर हैं और फैसले समय पर होते हैं।
इस दौरे की खास बात यह रही कि फोकस सिर्फ पूंजी निवेश पर नहीं, बल्कि टेक्नोलॉजी ट्रांसफर और स्किल डेवलपमेंट पर भी रहा। ग्रीन हाइड्रोजन, क्लीन एनर्जी, रोबोटिक्स, सेमीकंडक्टर, फिनटेक और मेडिटेक जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। विशेषज्ञ मानते हैं कि अगर उत्तर प्रदेश को दीर्घकालिक औद्योगिक शक्ति बनना है तो उसे भविष्य की तकनीकों को अपनाना ही होगा। केवल फैक्ट्री लगाना काफी नहीं, बल्कि तकनीक और कौशल का विकास भी जरूरी है।
औद्योगिक विकास की सबसे मजबूत नींव कानून व्यवस्था होती है। पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश ने संगठित अपराध और माफिया के खिलाफ सख्ती दिखाई है। सरकार का दावा है कि निवेशकों की सुरक्षा, पारदर्शिता और प्रशासनिक जवाबदेही ने राज्य की छवि बदली है। यही वजह है कि बड़े निवेशक अब उत्तर प्रदेश को स्थिर और सुरक्षित गंतव्य के रूप में देख रहे हैं।
सिंगल विंडो सिस्टम, ऑनलाइन मंजूरी और तय समय सीमा में स्वीकृति जैसी पहल ने उद्योगों के लिए प्रक्रिया आसान की है। जो काम पहले महीनों में होता था, अब वह तय समय में पूरा हो रहा है। प्रदेश सरकार इसे ‘रेड टेप’ से ‘रेड कार्पेट’ की ओर बदलाव बताती है। नीतिगत स्पष्टता और प्रशासनिक दक्षता ने उत्तर प्रदेश को प्रतिस्पर्धी राज्यों की कतार में ला खड़ा किया है।
अगर प्रस्तावित निवेश जमीन पर उतरते हैं तो लाखों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बन सकते हैं। आईटी, ऑटोमोबाइल, रक्षा उत्पादन, लॉजिस्टिक्स और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में निवेश प्रदेश की आर्थिक संरचना को मजबूत करेगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था का लक्ष्य सिर्फ एक आंकड़ा नहीं है, बल्कि व्यापक बदलाव का रोडमैप है। इसमें उद्योग, कृषि, सेवा और निर्यात, सभी की बराबर भागीदारी जरूरी है।
यह भी पढ़ें: Success Story: सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान से आजमगढ़ के युवक ने बनाई डिजिटल लाइब्रेरी चेन
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।