लखनऊ। कभी साइकिल पर अखबार बेचकर परिवार का खर्च चलाने वाला यूपी के बागपत जिले के ट्यौढी गांव का अमन कुमार आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्तर प्रदेश और भारत का नाम रोशन कर रहा है। गरीबी और बाल मजदूरी की कठिन परिस्थितियों में पले-बढ़े अमन आज संघर्ष, संकल्प और योगी सरकार के सहयोग से लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं।
अमन कुमार कहते हैं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की युवा केंद्रित योजनाओं, डिजिटल पहल और जनभागीदारी आधारित मॉडल ने उन्हें आगे बढ़ने का अवसर और भरोसा दिया। इन नीतियों ने उनके जैसे युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया।
अमन वर्तमान में यूपी सरकार के युवा कल्याण विभाग से जुड़े उड़ान यूथ क्लब के अध्यक्ष हैं। अवसरों की कमी झेल चुके अमन ने तय किया कि कोई भी होनहार युवा सिर्फ जानकारी के अभाव में पीछे न रहे। इसी सोच के साथ उन्होंने 12वीं के बाद एक व्हाट्सएप ग्रुप शुरू किया, जिसे आगे बढ़ाकर ‘कॉन्टेस्ट 360’ नाम की वेबसाइट बनाई। यह प्लेटफॉर्म एक क्लिक पर शिक्षा, स्कॉलरशिप, करियर और सरकारी अवसरों की जानकारी देता है, जिसे अब तक 84 लाख से अधिक युवा देख चुके हैं।
वर्ष 2022 में अमन ने प्रशासन के साथ मिलकर कांवड़ यात्रा ऐप विकसित किया, जिसमें यात्रा मार्ग, चिकित्सा सुविधा, शिविर, आपात संपर्क और प्रशासनिक सहयोग जैसी सुविधाएं शामिल थीं। इस ऐप का साढ़े तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने उपयोग किया। इसके बाद लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने स्वीप बागपत ऐप बनाकर भारत निर्वाचन आयोग की सेवाएं सवा लाख से अधिक मतदाताओं तक पहुंचाईं।
बागपत की जिलाधिकारी अस्मिता लाल के मार्गदर्शन में अमन ने सूचना विभाग के सहयोग से ‘सूचना सेतु ऐप’ विकसित किया, जिससे लोग एक क्लिक पर अधिकारियों और सरकारी योजनाओं से जुड़ सके। इसके अलावा ‘बागपत फॉर एनिमल्स ऐप’ के माध्यम से पशु कल्याण और ग्राम पंचायत फैजपुर निनाना की वेबसाइट बनाकर डिजिटल पंचायत की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की।
अमन के नवाचार और समर्पण को राष्ट्रीय पहचान तब मिली, जब यूपी सरकार ने उन्हें स्वामी विवेकानंद यूथ अवॉर्ड से सम्मानित किया। आज अमन यूनेस्को ग्लोबल यूथ कम्युनिटी, यूनेस्को इन्क्लूसिव पॉलिसी लैब, यूनेस्को मीडिया एंड इंफॉर्मेशन लिटरेसी एलायंस, यूनिसेफ नेशनल यू एंबेसडर, हंड्रेड फाउंडेशन, क्लाइमेट कार्डिनल्स और यांगो जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े हैं।
वर्ष 2026 में आयोजित ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ में अमन कुमार को टीम यूपी का ग्रुप कैप्टन बनाया गया, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष युवाओं की अगुवाई की। इसके साथ ही उन्होंने नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी के साथ भी कार्य किया।
अमन कुमार को वर्ष 2025 में प्रतिष्ठित आई वॉलंटियर अवॉर्ड मिला। इसके अलावा उन्हें यूनिसेफ इंडिया का इंडियाज मोस्ट वैल्यूएबल यू रिपोर्टर अवॉर्ड, यंग ट्रांसफॉर्मर्स अवॉर्ड, शिक्षा रत्न सम्मान सहित कई राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं। भारत सरकार के माई भारत संस्थान ने उन्हें उत्तर प्रदेश में यूथ मेंटर भी नियुक्त किया है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।