
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजट सत्र शुरू होने से पहले सोमवार को मीडियाकर्मियों से बातचीत की। सीएम ने बताया कि उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र आज से प्रारंभ हो रहा है, जो उनकी सरकार का 10वां बजट सत्र है।
उन्होंने सभी सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि विधानमंडल लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार स्तंभ है। यदि किसी सदस्य को कोई मुद्दा उठाना है, तो कार्यवाही बाधित करने के बजाय संवाद के माध्यम से बात रखनी चाहिए, क्योंकि सरकार संवाद से समाधान में विश्वास करती है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि संसदीय परंपराओं के अनुरूप बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। उन्होंने बताया कि बजट सत्र के दो प्रमुख एजेंडे होते हैं- पहला, माननीय राज्यपाल का अभिभाषण और दूसरा, सामान्य बजट।
राज्यपाल का अभिभाषण सरकार की उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजनाओं का महत्वपूर्ण दस्तावेज होता है, जिसे सदन के माध्यम से जनता को समर्पित किया जाता है। इस पर सभी सदस्य चर्चा करते हैं। आज राज्यपाल समवेत सदन को संबोधित करेंगे।
सीएम योगी ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 का सामान्य बजट 11 फरवरी को प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद बजट पर विस्तृत चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि बजट सत्र 9 फरवरी से 20 फरवरी तक चलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण के तुरंत बाद उत्तर प्रदेश का आर्थिक सर्वेक्षण सदन में प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह पहली बार होगा जब कोई राज्य सरकार अपनी आर्थिक उपलब्धियों को इस तरह सदन के पटल पर रखेगी।
सीएम ने कहा कि सरकार ने उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकालकर भारत की अर्थव्यवस्था के ब्रेकथ्रू स्टेट के रूप में स्थापित किया है। आर्थिक सर्वेक्षण में प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि, रोजगार सृजन, वित्तीय प्रबंधन और यूपी को लगातार रेवेन्यू सरप्लस स्टेट बनाने जैसे सभी महत्वपूर्ण पहलुओं को शामिल किया गया है। यह रिपोर्ट सदस्यों के लिए डेटा-आधारित चर्चा का अहम दस्तावेज होगी।
सीएम योगी ने दोहराया कि विधानमंडल संवाद से चलता है, बाधा से नहीं। सरकार हर सदस्य के बहुमूल्य सुझावों को स्वीकार करने और हर मुद्दे पर चर्चा के लिए सदैव तैयार है। उन्होंने विपक्षी सदस्यों से भी अपील की कि कार्यवाही बाधित न करें और अनावश्यक शोरगुल से बचें, ताकि सदन प्रदेश के हित में प्रभावी भूमिका निभा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में विधानमंडल की कार्यवाही में नए कीर्तिमान बने हैं। बजट सत्र पर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश की नजरें रहेंगी। यह सत्र माननीय सदस्यों के लिए जनता से जुड़े मुद्दे उठाने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा और उत्तर प्रदेश के विकास की गति को और तेज करने में बड़ी भूमिका निभाएगा। सीएम ने सभी पक्षों के सदस्यों से सार्थक चर्चा को आगे बढ़ाने की अपील की।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, स्वतंत्र देव सिंह, राकेश सचान और राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।