
लखनऊ। उत्तर प्रदेश दुग्धशाला विकास विभाग की ओर से सोमवार को गोधन समागम-2026 का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम पशुपालन और दुग्ध उत्पादन से जुड़े किसानों और गोपालकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित हो रहा है। इस अवसर पर वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए चयनित 63 गोकुल पुरस्कार और 49 नंद बाबा पुरस्कार लाभार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा निराश्रित गोवंश के संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाली गोशालाओं को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स सभागार में होगा। दुग्ध विकास एवं पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह पुरस्कार वितरित करेंगे।
दुग्ध आयुक्त धनलक्ष्मी के.जी. ने जानकारी दी कि गोधन समागम-2026 में गोकुल एवं नंद बाबा पुरस्कार के चयनित लाभार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को भी गोपालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। विशेषज्ञ स्वदेशी नस्ल के गौपालन, दुग्ध उत्पादन की उन्नत तकनीक और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में गोपालन की भूमिका पर मार्गदर्शन देंगे।
कार्यक्रम के पहले सत्र में गोधन प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसके बाद नंद बाबा और गोकुल पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। दुग्ध उत्पादन की नई तकनीकों पर प्रस्तुतिकरण होगा। उत्कृष्ट निराश्रित गोआश्रय स्थलों और गोशालाओं को सम्मान पत्र प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कार राशि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में भेजी जाएगी।
दूसरे सत्र में गोआधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने पर संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसमें पशु आहार, हरा चारा, पशु पोषण, नस्ल सुधार, पशु स्वास्थ्य और उचित देखभाल जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से जानकारी दी जाएगी। गोवंश आश्रय स्थलों को आत्मनिर्भर और उत्पादक बनाने के उपायों पर भी प्रस्तुतिकरण होगा। स्वदेशी गौपालन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सुदृढ़ीकरण पर गहन चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव, पशुधन, दुग्ध एवं मत्स्य विकास मुकेश मेश्राम और पीसीडीएफ के प्रबंध निदेशक वैभव श्रीवास्तव भी उपस्थित रहेंगे। समागम में विषय विशेषज्ञ, उद्यमी, किसान और पशुपालक भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान स्वदेशी नस्ल के गौ-पालन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की जाएंगी।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।