
Saharanpur Accident: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई जब तेज रफ्तार बोलेरो SUV ने हाईवे पर रिवर्स जा रही टाटा टियागो कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा सहारनपुर के रामपुर मनिहारन क्षेत्र में देहरादून-पंचकूला हाईवे पर हुआ। बताया गया कि टाटा टियागो कार किसी कारणवश हाईवे पर पीछे की ओर (रिवर्स) जा रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रही बोलेरो SUV ने कार के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही टाटा टियागो रिवर्स होती है, पीछे से आ रही बोलेरो तेज रफ्तार में उससे टकरा जाती है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पहले सड़क के डिवाइडर से टकराई, फिर उछलकर दूसरी लेन में पहुंच गई और वहां मौजूद दूसरे डिवाइडर से भी जा भिड़ी। इस भीषण टक्कर से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, टक्कर के बाद बोलेरो भी अनियंत्रित होकर पलट गई।
इस दर्दनाक हादसे में चरण सिंह, उनकी पत्नी सुदेश, बहू प्रीति और पोते शिवांश की मौके पर ही जान चली गई। चारों एक ही परिवार के सदस्य थे। वहीं, हादसे में प्रवीण, सहदेव और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। तीसरे घायल की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है।
पुलिस के मुताबिक, सभी पीड़ित हरियाणा के सोनीपत जिले के बहादुरगढ़ के रहने वाले थे। परिवार हरिद्वार जा रहा था। इसी दौरान रामपुर मनिहारन थाना क्षेत्र के हल्गोया गांव के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों और मृतकों को जिला अस्पताल ले जाया गया।
जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने परिवार के चार सदस्यों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीनों घायलों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें लगातार चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और संबंधित चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।