UP Employment Zone: योगी सरकार का बड़ा कदम, उद्योग और रोजगार को एक परिसर में जोड़ने की पहल

Published : Feb 02, 2026, 08:45 PM IST
Uttar Pradesh Yogi Government sardar patel employment industrial zone

सार

उत्तर प्रदेश में सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन के तहत हर जिले में 50 एकड़ भूमि पर उद्योग, कौशल विकास और रोजगार की एकीकृत व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे युवाओं को नए अवसर मिलेंगे।

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास को सीधे रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से घोषित ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ के लिए सभी जनपदों में उपयुक्त भूमि शीघ्र चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं। उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर घोषित इस योजना को लेकर सोमवार को हुई उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की औद्योगिक नीति का मुख्य लक्ष्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां युवाओं को कौशल विकास, रोजगार और उद्यमिता के अवसर एक ही स्थान पर उपलब्ध हों। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस महत्वाकांक्षी योजना को स्थानीय जरूरतों और क्षेत्रीय संभावनाओं के अनुरूप प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।

उद्योग, कौशल और रोजगार को एक मंच पर लाने की पहल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह जोन उद्योग, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार और उद्योग-सहायता से जुड़े विभागों और सेवाओं को एकीकृत रूप में उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ी पहल है। उन्होंने एमएसएमई, सेवा आधारित उद्योगों और नवाचार से जुड़े क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए प्लग-एंड-प्ले यूनिट और फ्लैटेड फैक्ट्री जैसी आधुनिक सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया, ताकि नए उद्यमियों को शुरुआत से ही आवश्यक अवसंरचना मिल सके।

एम्प्लॉयमेंट जोन में मिलेंगी आधुनिक औद्योगिक सुविधाएं

बैठक में जानकारी दी गई कि योजना के तहत कॉमन फैसिलिटी सेंटर, टेस्टिंग फैसिलिटी, डिस्प्ले एवं डिजाइन सेंटर, टूल रूम, ईटीपी/सीईटीपी, प्लग-एंड-प्ले यूनिट और फ्लैटेड फैक्ट्री जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही युवाओं के लिए उद्यमिता प्रशिक्षण, मेंटरिंग, विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी और हैंडहोल्डिंग सपोर्ट की व्यवस्था भी इसी परिसर से की जाएगी।

हर जिले में कम से कम 50 एकड़ में होगा जोन का विकास

योजना को चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के सभी जनपदों में लागू करने का प्रस्ताव है। प्रत्येक जिले में न्यूनतम 50 एकड़ भूमि पर एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन विकसित किया जाएगा। प्रस्तावित जोन में औद्योगिक क्षेत्र, फ्लैटेड फैक्ट्री, वाणिज्यिक क्षेत्र, सड़क, कॉमन फैसिलिटी, सर्विस सेक्टर, ग्रीन एरिया और कार्यालय स्पेस का संतुलित और सुव्यवस्थित लेआउट तैयार किया गया है।

स्किल डेवलपमेंट सेंटर से मिलेगा युवाओं को सीधा लाभ

इस योजना के अंतर्गत ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड स्किल डेवलपमेंट सेंटर’ की स्थापना भी प्रस्तावित है। यहां प्रशिक्षण हॉल, कॉन्फ्रेंस रूम, एक्सटेंशन काउंटर और उद्योग-सहायता से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। ऑपरेशनल मॉडल के तहत स्वरोजगार और उद्यमिता प्रशिक्षण, कौशल विकास, इंटर्नशिप, अप्रेंटिसशिप और संबंधित उद्योगों में वेतन आधारित रोजगार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता का मजबूत केंद्र बनेगा यह जोन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार, कौशल और उद्यमिता का एक मजबूत केंद्र बनेगा। उन्होंने संभावित स्थलों की शीघ्र पहचान कर परियोजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि यह योजना प्रदेश में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन का प्रभावी मॉडल बन सके।

PREV

Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

PMJVK: योगी सरकार के समावेशी विकास मॉडल से अल्पसंख्यक समुदायों को नया संबल
Budget 2026: आत्मनिर्भर भारत विज़न के साथ मध्यप्रदेश के विकास को मिला मजबूत आधार