Karnataka Stray Dog Attack: कर्नाटक के विजयपुरा में 6 साल की बच्ची पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। CCTV में पूरी घटना कैद हुई। बच्ची की आंख, हाथ और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। जिला अस्पताल में भर्ती।
कर्नाटक के विजयपुरा में 6 साल की बच्ची पर आवारा कुत्तों का हमला, आंख समेत कई जगह गंभीर चोट
कर्नाटक के विजयपुरा जिले से एक बेहद चिंताजनक घटना सामने आई है, जिसने एक बार फिर आवारा कुत्तों के बढ़ते खतरे पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार सुबह छह साल की एक बच्ची पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। मासूम के चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े, तब जाकर उसकी जान बच सकी। घायल बच्ची की पहचान अन्विता मल्लिकार्जुन शेट्टी के रूप में हुई है। उसे गंभीर चोटों के साथ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
25
दुकान से लौटते वक्त अचानक घिर गई बच्ची
सीसीटीवी फुटेज में दिखता है कि अन्विता हाथ में एक प्लास्टिक बैग लेकर पास की दुकान तक जाती है। वह बैग दुकानदार को देती है और लौटने के लिए मुड़ती है। इसी दौरान एक कुत्ता उसके पास आता है। बच्ची घबराकर सीढ़ियां उतरती है और घर की ओर भागने लगती है। तभी कुत्ता उसके पीछे दौड़ता है, उसके फ्रॉक को खींचकर उसे जमीन पर गिरा देता है।
35
कुछ ही सेकंड में छह कुत्तों ने घेरा
वीडियो में देखा जा सकता है कि गिरते ही एक और कुत्ता उस पर झपटता है। कुछ ही पलों में कम से कम छह कुत्ते बच्ची को घेर लेते हैं। जमीन पर पड़ी अन्विता खुद को बचाने की कोशिश करती रहती है। चीख-पुकार सुनकर पास की एक दुकान से महिला बाहर निकलती है और कुत्तों को भगाने का प्रयास करती है। स्थानीय लोग भी तुरंत मौके पर पहुंचते हैं और बच्ची को छुड़ाते हैं।
हमले में अन्विता को आंख, हाथ, पैर और पीठ पर चोटें आई हैं। सबसे गंभीर चोट उसकी बाईं आंख में बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची का इलाज जारी है और उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। जिला अस्पताल में भर्ती अन्विता की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन परिवार सदमे में है।
55
दो महीने पहले भी हुआ था हमला
स्थानीय निवासियों का कहना है कि करीब दो महीने पहले इसी इलाके में एक लड़का भी कुत्तों के हमले में घायल हुआ था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों में आक्रोश है। निवासियों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर तत्काल नियंत्रण की मांग की है। उनका कहना है कि सुबह-शाम बच्चे और बुजुर्ग सड़कों पर निकलते हैं, ऐसे में यह खतरा कभी भी जानलेवा साबित हो सकता है।
लोगों का मानना है कि शहरी और अर्ध-शहरी इलाकों में आवारा कुत्तों की समस्या तेजी से बढ़ रही है। नसबंदी कार्यक्रम, टीकाकरण और नियमित निगरानी जैसी योजनाएं अगर प्रभावी ढंग से लागू न हों, तो ऐसे हमले बढ़ सकते हैं। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से त्वरित और ठोस कदम उठाने की मांग की है ताकि भविष्य में किसी और बच्चे को ऐसी पीड़ा न झेलनी पड़े। फिलहाल बच्ची का इलाज जारी है और पूरे इलाके में इस घटना को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।