
वॉशिंगटन: अमेरिका के वर्जीनिया से एक हैरान करने वाली खबर आई है। यहां के पूर्व लेफ्टिनेंट गवर्नर जस्टिन फेयरफैक्स ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली। यह दिल दहलाने वाली घटना ऐसे समय में हुई जब दोनों के तलाक का केस फाइनल स्टेज में था और कुछ ही हफ्तों में फैसला आने वाला था।
गुरुवार सुबह वॉशिंगटन डीसी के पास एननडेल इलाके में स्थित उनके घर से डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता रहे 47 साल के जस्टिन फेयरफैक्स और उनकी 49 साल की पत्नी डॉ। सेरिना फेयरफैक्स के शव मिले। फेयरफैक्स काउंटी के पुलिस चीफ केविन डेविस ने मीडिया को बताया कि जस्टिन तलाक की वजह से गहरे डिप्रेशन में थे। पिछले साल यौन शोषण के आरोपों के बाद डेंटिस्ट रहीं उनकी पत्नी सेरिना ने तलाक के लिए अर्जी दी थी।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार सुबह जस्टिन ने पहले बेसमेंट में अपनी पत्नी को गोली मारी। इसके बाद वह ऊपर के एक बेडरूम में गए और खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। उनके बेटे ने गोलियों की आवाज सुनी और फौरन इमरजेंसी नंबर पर फोन कर पुलिस को जानकारी दी।
जस्टिन फेयरफैक्स और सेरिना की मुलाकात ड्यूक यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान हुई थी। दोनों ने 2006 में शादी की थी और उनके दो बच्चे हैं। अलग होने के बावजूद, उनके टीनएज बच्चे उन्हीं के साथ रह रहे थे।
जस्टिन का राजनीतिक करियर काफी उम्मीदों भरा था। वह 2017 में वर्जीनिया के लेफ्टिनेंट गवर्नर चुने गए थे। दो साल बाद, जब तत्कालीन डेमोक्रेटिक गवर्नर राल्फ नॉर्थम पर एक पुरानी नस्लभेदी तस्वीर को लेकर इस्तीफे का दबाव बना, तो जस्टिन का गवर्नर बनना लगभग तय माना जा रहा था। अगर नॉर्थम इस्तीफा देते, तो जस्टिन वर्जीनिया के दूसरे अश्वेत गवर्नर बन जाते।
लेकिन तभी दो महिलाओं ने सामने आकर जस्टिन पर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगा दिए। इन आरोपों ने उनके राजनीतिक भविष्य पर ब्रेक लगा दिया। हालांकि, जस्टिन का कहना था कि ये रिश्ते आपसी सहमति से बने थे और शादी से पहले के थे। 2021 में उन्होंने गवर्नर पद के लिए चुनाव लड़ने की कोशिश की, लेकिन डेमोक्रेटिक पार्टी की प्राइमरी में ही हार गए।
इसी बीच, सेरिना ने तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी दी। उन्होंने कोर्ट को बताया कि वह और उनके पति लगभग दो साल से अलग रह रहे हैं और अब तलाक चाहते हैं। सेरिना ने यह भी कहा था कि जस्टिन बहुत ज्यादा शराब पीने लगे थे।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।